सुमन चौहान ,करनाल। देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश में 3 जून से अखिल भारतीय महापौर परिषद का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। देशभर के करीब 60 शहरों के महापौर इस सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां स्मार्ट सिटी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नगर निकायों की आत्मनिर्भरता जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
ऋषिकेश के नटराज होटल में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता अखिल भारतीय महापौर परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता करेंगी। सम्मेलन का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जबकि समापन सत्र में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन से पहले तैयारियों का जायजा लेते हुए रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन देश के शहरी विकास और नगर निकायों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि करनाल में लागू किए गए स्मार्ट सिटी और स्वच्छता मॉडल के अनुभव अन्य शहरों के प्रतिनिधियों के साथ साझा किए जाएंगे, ताकि देशभर के नगर निगम बेहतर शहरी प्रबंधन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए ऋषिकेश नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल के साथ-साथ शहर के प्रमुख चौराहों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सम्मेलन में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता प्रबंधन और नगर निकायों के वित्तीय संसाधनों को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे।

सम्मेलन का एक विशेष आकर्षण त्रिवेणी घाट पर आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती भी होगी, जिसमें देशभर से पहुंचे महापौर शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक कार्यक्रमों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
आयोजन को लेकर नगर निगम ऋषिकेश और अखिल भारतीय महापौर परिषद के पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन शहरी विकास, स्वच्छता और आत्मनिर्भर नगर निकायों के लिए नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

