प्रदीप मालवीय, उज्जैन। Drugs Worth 1 Crore Seized In Ujjain: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उज्जैन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने गरुड़ ब्रिज के नीचे खड़ी एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार की जांच के दौरान 1 किलो 15 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की गई। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी, अमित तिवारी, बिहार का निवासी है जबकि दूसरा आरोपी पंकज चरडे, नागपुर का हिस्ट्रीशीटर है। पंकज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, और अन्य गंभीर अपराधों के मामले पहले से दर्ज है।

एसपी शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ मंदसौर से खरीदी गई थी और इसे नागपुर में सप्लाई किया जाना था। इस सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम मंदसौर भेजी गई है, जहां मुख्य सप्लायर की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार, नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए है।

इस साल, एनडीपीएस एक्ट के तहत उज्जैन पुलिस ने 70 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, और पिछले पांच वर्षों में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m