शब्बीर अहमद, भोपाल। Meenakshi Natarajan: राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन रद्द होने के बाद मध्य प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन दिल्ली रवाना हो गई हैं। दिल्ली में वह कानूनी सलाह लेंगी जिसके बाद आगे की रणनीति पर फैसला होगा।  

मिनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इलेक्शन कमीशन के दफ्तर के बाहर धरना दिया। उन्होंने आज मुलाकात का समय मांगा था लेकिन समय नहीं देने पर उमंग सिंघार, जीतू पटवारी, हरीश चौधरी समेत कई विधायक निर्वाचन आयोग के मेन गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। हालांकि कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को कल दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है।लेकिन उनका कहना है कि जब तक उनकी मुलाकात नहीं होगी, वे प्रदर्शन नहीं खत्म करेंगे।

युवा कांग्रेस ने फूंका पीएम मोदी और अमित शाह का पुतला

नामांकन रद्द करने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंक दिया। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव नरेंद्र यादव का आरोप है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह संविधान खत्म कर रहे हैं। 

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी नामांकन रद्द करने पर निंदा की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘मैं मध्य प्रदेश में भाजपा की उस साज़िश की निंदा करता हूँ जिसके कारण मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन रद्द कर दिया गया। ‘वोट चोरी’ और ‘SIR’ के बाद, अब वे ‘सीट चोरी’ पर उतर आए हैं। यह लोकतंत्र पर हमला है। लोगों की आवाज़ दबाई जा रही है। यह भारतीय लोकतंत्र के लिए एक काला दिन है और सभी नागरिकों को इसकी निंदा करनी चाहिए।’

मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, सचिन पायलट और अन्य नेता भारत निर्वाचन आयोग के दफ़्तर पहुंचे। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, ‘हमारे उम्मीदवार का निर्वाचन बिना किसी आधार पर रद्द किया गया है। लोकतंत्र में यदि हम यहां(निर्वाचन आयोग के पास) नहीं आएंगे तो कहां जाएंगे?’

उन्होंने आगे कहा, ‘क्या पार्टी न्यायालय का रुख करेगी?’ सवाल पर उन्होंने आगे कहा, “कल चुनाव आयोग क्या कहता है इस आधार पर हम निर्णय लेंगे लेकिन ये लोकतंत्र की सरासर हत्या है और ये जानबूझकर किया जा रहा है। चुनाव आयोग को मध्यस्थता करनी चाहिए और उन्हें ऐसा करना पड़ेगा।’

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने मध्य प्रदेश कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने पर कहा, ‘निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता तार-तार हो गई है क्योंकि 5:30 बजे हमें RO ने समय दिया लेकिन यहां 5:30 बजे चुनाव आयोग का कार्यालय बंद हो जाता है। अगर हम RO के निर्णय से संतुष्ट नहीं है तो उसके खिलाफ हम आवेदन कहां देंगे, चुनाव आयोग में देंगे लेकिन यह 5:30 बजे बंद हो जाता है। हम मिलना चाहते हैं लेकिन हमें कोई मिला नहीं। हमें आवेदन देने के लिए धरने पर बैठना पड़ा, उसके बाद हमारा आवेदन लिया गया। कानूनी सलाह लेकर हम आगे बढ़ेंगे।’

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने पर कहा, ‘आज भोपाल में निर्वाचन आयोग ने लोकतंत्र की सबसे बड़ी हत्या की है। महिला आरक्षण की बात करने वाली भाजपा ने एक महिला के निर्वाचन को बिना नियमों के रद्द किया। यह देश की भावी पीढ़ी के साथ गलत हुआ है… यह हमारा सौभाग्य है कि हमें इस लड़ाई को देश में निर्णायक रूप में ले जाने का अवसर मिला, मध्य प्रदेश की जनता, मध्य प्रदेश के ‘जेन Z’ इस लड़ाई को अंतिम चरण तक लड़ेंगे। यह देश के लोकतंत्र की आज़ादी की शुरूआत है। यह एक दिन की लड़ाई नहीं, यह निरंतर चलने वाली लड़ाई है।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m