मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में आज बुधवार (28 अक्टूबर) सुबह बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई. चिंदौड़ी गांव के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और करीब छह फीट गहरे खेत में जा गिरी. हादसे में 15 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायल बच्चों को मेरठ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बच्चों के परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर परेशान हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस का स्टेयरिंग फेल होने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: अर्नब तूफान का खतरा! पूर्वांचल-अवध में 3 दिन बारिश, बिजली और तेज आंधी का अलर्ट

सुबह 7:30 बजे हुआ हादसा

यह घटना बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे रहटा ब्लॉक में चिंदौड़ी गांव के पास हुई. बस में कई बच्चे सवार थे. बस सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों की मदद में जुट गए.

एक गांव से दूसरे गांव जा रही थी बस

भाजपा नेता प्रदीप ढड़रा के मुताबिक, बस एक गांव से बच्चों को लेने के बाद दूसरे गांव जा रही थी. इसी दौरान चिंदौड़ी गांव के पास अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया. चालक बस को संभाल नहीं पाया. इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा गिरी.

घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में 15 से ज्यादा बच्चों को चोटें आई हैं. कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना. हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन अस्पतालों में पहुंचने लगे.

इसे भी पढ़ें- UP में दीवाली से पहले तोहफा, श्रमिकों की बढ़ी न्यूनतम मजदूरी; अब हर महीने मिलेंगे 238 तक ज्यादा

स्कूल बसों की फिटनेस पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्कूल बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. शुरुआती जानकारी में स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आई है. हालांकि, हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. स्कूल बसों में रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे सफर करते हैं. ऐसे में वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी है. हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की जरूरत को सामने ला दिया है.