मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में राजमिस्त्री तालिब की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी इल्मा को गिरफ्तार किया है. मामले में सामने आए एक कथित वीडियो में इल्मा पति की हत्या में प्रेमी अमन के साथ शामिल होने की बात स्वीकार करती सुनाई दे रही है. वीडियो में वह कहती है कि तालिब को खाने में नशीली दवा देने के बाद दुपट्टे से उसका गला घोंटा गया. पति की मौत पर पछतावा जताते हुए उसने कहा कि गलत हो गया है. साथ ही, इस मामले में फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमन फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.

तालिब मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र के फतेहउल्लापुर का रहने वाला था. उसकी मौत 28 सितंबर को हुई थी. शुरुआत में परिजनों को मौत स्वाभाविक होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन गले पर निशान दिखने के बाद हत्या की आशंका जताई गई.

वीडियो में पति की हत्या की बात कबूलने का दावा

सामने आए कथित वीडियो में इल्मा पति की हत्या में शामिल होने की बात कहती है. उसके मुताबिक, उसने अमन को बुलाया और तालिब को खाने में नशीली दवा दी. इसके बाद अमन ने दुपट्टे से गला घोंट दिया. इल्मा ने यह भी दावा किया कि अमन ने घटना का खुलासा करने पर उसकी तीन साल की बेटी को मारने की धमकी दी थी. वीडियो में वह पति की मौत पर पछतावा जताती और सजा की बात करती सुनाई देती है.

मौत को हार्ट अटैक बताने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इल्मा ने तालिब की मौत को स्वाभाविक बताने की कोशिश की थी. शव को मुजफ्फरनगर के पैतृक गांव रसूलपुर दभेड़ी में दफनाया गया था. बाद में गले पर निशान दिखने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई. मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर लोहियानगर पुलिस ने इल्मा और अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया.

दस दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव

संदेह के आधार पर प्रशासन की अनुमति से गुरुवार को कब्र खोदकर तालिब का शव बाहर निकाला गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग भी कराई गई. रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में संबंधित अधिकारियों तक भेजा गया, ताकि मौत की वजह स्पष्ट हो सके.

पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में इल्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित प्रेमी अमन की तलाश की जा रही है. परिजनों ने मामले में मोबाइल फोन और वीडियो सहित कुछ साक्ष्य देने का दावा किया है. परिवार के मुताबिक, तालिब की मासूम बेटी ने भी घटना से जुड़ी कुछ बातें बताई थीं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.