भिवानी के गांव रानिला में एक विशाल हेल्थ कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 298 ग्रामीणों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच हुई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को घर पर ही इलाज प्रदान करना था।
अजय सैनी, भिवानी। ग्रामीण अंचल के निवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके द्वार तक पहुँचाने के उद्देश्य से गांव रानिला में एक विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर अंचल अस्पताल, मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन और मेदांता अस्पताल गुरुग्राम के संयुक्त प्रयासों से आयोजित हुआ। शिविर का नेतृत्व अंचल अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद अंचल ने किया, जिसमें कुल 298 ग्रामीणों ने अपनी सेहत की मुफ्त जांच करवाई और आवश्यक दवाइयां प्राप्त कीं। इस कार्यक्रम में समाजसेवी विजय जैन, तिलक जैन और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव व रचना परमार बतौर अतिथि शामिल हुए, जबकि डॉ. अनिल बलवान साहु का सहयोग शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीण जागरूकता जरूरी
अंचल अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद अंचल ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी और खान-पान में बदलाव के कारण बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अक्सर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में गंभीर बीमारी का रूप ले लेते हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य इन बीमारियों को शुरुआती चरण में ही पकड़ना और उनका सही इलाज करना है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी ग्रामीण को सामान्य जांच के लिए दूर न भटकना पड़े, इसीलिए यह सुविधाएं उनके गांव तक पहुंचाई गई हैं। शिविर में बीपी, शुगर, खून की जांच और अन्य मौसमी बीमारियों का विशेष परीक्षण किया गया और सभी को उचित परामर्श प्रदान किया गया।
भविष्य में भी जारी रहेंगे शिविर
डॉ. अनिल बलवान साहु ने ग्रामीणों को बेहतर जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि मेहनत-मददूरी करने वाले लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य के प्रति उदासीन रहते हैं। उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। कैंप में शामिल विशेषज्ञ टीम में डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. लक्ष्य यादव, डॉ. अक्षरा मिश्रा, डॉ. जितेन्द्र सैनी, डॉ. सौम्या श्रीवास्तव, डॉ. रजत, डॉ. प्रियांशु और डॉ. अनिता अंचल ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर की सफलता पर ग्रामीणों ने पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। अंत में डॉ. विनोद अंचल ने गांव के सरपंच अजीत और कैंप को सफल बनाने में मदद करने वाले सभी स्थानीय सहयोगियों का विशेष धन्यवाद किया और भविष्य में ऐसे जनहित कार्यों के जारी रहने का आश्वासन दिया।

