० व्हाट्सएप पर धमकी मिलने के बाद 4 कमांडो और तैनात, विधायक बोले- जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे होगी?
रोहतक। हरियाणा के महम से विधायक बलराम दांगी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधायक कार्यालय पर फायरिंग की घटना के बाद अब विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। पहले जहां पांच पुलिसकर्मी तैनात थे, वहीं अब चार अतिरिक्त कमांडो भी सुरक्षा में लगाए गए हैं।
दरअसल, 20 जून को महम स्थित विधायक कार्यालय पर फायरिंग कर रंगदारी मांगी गई थी। मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों और वारदात से पहले रेकी करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बावजूद विधायक को लगातार धमकियां मिल रही हैं।
विधायक बलराम दांगी ने किए सवाल
विधायक बलराम दांगी ने दावा किया कि उन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टर की ओर से व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी जानकारी दी है। दांगी ने कहा कि जब एक विधायक ही सुरक्षित नहीं है, तो प्रदेश के आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
फायरिंग की घटना के बाद बलराम दांगी 11 विधायकों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले थे और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई।
गैंगस्टरों के बढ़ रहे हौसले
विधायक ने कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रंगदारी, धमकी और हत्या जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कानून और प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का डर पैदा करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

