Automobile Desk: लक्ज़री वाहन निर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज भारतीय कार बाज़ार में अपना इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो तेज़ी से बढ़ा रही है। इसी कड़ी में कंपनी अपनी बहुप्रतीक्षित लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी GLC Electric को आगामी 4 नवंबर को औपचारिक रूप से भारतीय बाज़ार में उतारने जा रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस दमदार एसयूवी की बुकिंग स्वीकार करना शुरू कर दिया है।
भारतीय ग्राहकों के लिए सबसे खास बात यह है कि इस गाड़ी को बाहर से इम्पोर्ट करने के बजाय भारत में ही असेंबल किया जाएगा। मर्सिडीज अपनी इस नई इलेक्ट्रिक कार का निर्माण पुणे स्थित चाकन प्लांट में करने जा रही है। भारत में इसे मुख्य रूप से 400 4Matic वैरिएंट में पेश किया जाएगा।
प्रीमियम लुक और आधुनिक डिज़ाइनिग
डिजाइन के मामले में मर्सिडीज-बेंज GLC इलेक्ट्रिक अपनी पारंपरिक लक्ज़री शैली को बरकरार रखते हुए काफी फ्यूचरिस्टिक नज़र आती है। कार के फ्रंट में क्लोज्ड-ऑफ ग्रिल दी गई है, जिसके केंद्र में चमकता हुआ मर्सिडीज का ट्रेडमार्क लोगो मौजूद है। इसके साथ ही आइब्रो-शेप्ड थ्री-पॉइंटेड LED DRLs और आधुनिक LED हेडलाइट्स इसके फ्रंट प्रोफाइल को काफी एग्रेसिव और आकर्षक लुक देते हैं। ग्रिल के निचले हिस्से में एयर वेंट्स और सिल्वर फिनिश वाली स्लोपिंग प्लेट दी गई है।
साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें ढलान वाली स्लोपिंग रूफलाइन, क्रोम फिनिशिंग वाली खिड़कियाँ और डुअल-टोन ORVMs देखने को मिलते हैं। गाड़ी में 21-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स और डोर पैनल्स में फ्लश-फिटिंग हैंडल्स दिए गए हैं जो इसके एयरोडायनामिक्स को बेहतर बनाते हैं। वहीं रियर प्रोफाइल में स्टार पैटर्न वाली कनेक्टेड LED टेललाइट्स दी गई हैं।

हाइपरस्क्रीन और केबिन के फीचर्स
केबिन के अंदर कदम रखते ही सबसे पहला ध्यान इसकी विशाल 39.1 इंच की MBUX हाइपरस्क्रीन पर जाता है। मर्सिडीज के मुताबिक यह अब तक की किसी भी कार में दी गई सबसे बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन है। यह एक सिंगल ग्लास पैनल है जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले, सेंट्रल इंफोटेनमेंट और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन को एकीकृत (integrate) किया गया है।
सवारी के आराम को ध्यान में रखते हुए फ्रंट सीट्स में वेंटिलेशन, हीटिंग और मसाज जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा केबिन में 64-कलर एंबिएंट लाइटिंग, बड़ा स्काईरूफ और प्रीमियम साउंड एक्सपीरियंस के लिए Burmester 4D सराउंड सिस्टम मौजूद है।
बैटरी, पावर और चार्जिंग स्पीड
परफॉर्मेंस के मामले में यह इलेक्ट्रिक एसयूवी काफी ताकतवर है। इसमें 94kWh क्षमता का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज में यह कार 715 किलोमीटर (WLTP सर्टिफाइड) तक की दूरी तय कर सकती है। इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) के साथ डुअल इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप दिया गया है, जो 490hp की अधिकतम पावर और 800Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।
रफ़्तार की बात करें तो यह एसयूवी महज़ 4.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। इसमें 330kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिससे मात्र 10 मिनट की चार्जिंग में यह कार लगभग 300 किलोमीटर तक चलने योग्य चार्ज हो जाती है।

