भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मोहम्मदपुर के रहने वाले 24 वर्षीय मर्चेंट नेवी जवान रोहित की दक्षिण अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह दक्षिण अफ्रीका में ‘एबल सीमैन’ के पद पर तैनात था। घटना के करीब 50 दिन बाद उसका शव भारत पहुंचा है, जिसके बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
कंपनी ने बताया सुसाइड, सहकर्मी ने कहा मर्डर
मृतक के चाचा अनिल ने बताया कि 14 सितंबर 2026 को शिपिंग कंपनी की ओर से परिवार को रोहित की मौत की सूचना दी गई थी। कंपनी ने दावा किया था कि रोहित ने 13 सितंबर को पश्चिमी अफ्रीका में जहाज के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
हालांकि, जब परिजनों ने रोहित के साथ जहाज पर काम करने वाले चरखी दादरी निवासी कैप्टन मोहित से बात की, तो उसने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। सहकर्मी कैप्टन मोहित ने बताया कि उसने रोहित के शव को देखा था और उसके गले पर फांसी का कोई निशान नहीं था। उसने इसे एक साजिश बताया है।
परिवार ने मांगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तस्वीरें
परिजनों का आरोप है कि शिपिंग कंपनी मौत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। कंपनी जहाज में फांसी लगाने की बात तो कह रही है, लेकिन यह नहीं बता रही कि उसने फांसी कहां लगाई थी। परिवार ने कंपनी से घटना के वक्त की तस्वीरें और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन कोई डिटेल नहीं दी गई।
चाचा अनिल ने कहा कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। मौत की कोई अन्य वजह है, जिसे कंपनी छिपा रही है। परिवार चाहता है कि मौत का असली कारण सामने आने के लिए रोहतक पीजीआई में दोबारा पोस्टमार्टम करवाया जाए।
2023 में जॉइन की थी नौकरी
परिजनों के मुताबिक, रोहित ने चेन्नई की शिपिंग मैनेजमेंट डॉल्फिन कंपनी में मर्चेंट नेवी की नौकरी साल 2023 में जॉइन की थी। वह चार महीने घर पर और चार महीने ड्यूटी पर रहता था। वह 22 अगस्त को घर से ड्यूटी के लिए निकला था और 25 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका पहुंचा था।
विदेश मंत्रालय से जांच की गुहार
रोहित परिवार का छोटा बड़ा भाई राहुल शादीशुदा है। रोहित की संदिग्ध मौत के बाद शव को दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे रोहतक पीजीआई के डेड हाउस लाया गया है, ताकि दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा सके। परिवार ने सरकार और विदेश मंत्रालय से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी कंपनी पर कार्रवाई करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

