Automobile Desk – MG Hector Blackstorm & Snowstorm Launched : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में त्योहारों से ठीक पहले हलचल तेज करते हुए JSW MG मोटर इंडिया ने अपनी लोकप्रिय 5-सीटर एसयूवी एमजी हेक्टर के दो नए स्पेशल एडिशन बाजार में उतार दिए हैं। कंपनी ने हेक्टर का ‘ब्लैकस्टॉर्म’ (Blackstorm) और ‘स्नोस्टॉर्म’ (Snowstorm) एडिशन लॉन्च किया है। दोनों ही मॉडल्स को बेहद प्रीमियम लुक और आधुनिक फीचर्स के साथ तैयार किया गया है, जिनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये तय की गई है।

डिजाइन और एक्सटीरियर की बात करें तो दोनों ही गाड़ियों का अंदाज एक-दूसरे से पूरी तरह जुदा है। ब्लैकस्टॉर्म एडिशन को पूरी तरह से ऑल-ब्लैक ऑल-डार्क थीम पर पेश किया गया है, जो सड़क पर एक दमदार और एग्रेसिव रोड प्रेजेंस देती है। वहीं दूसरी ओर, स्नोस्टॉर्म एडिशन में डुअल-टोन कलर स्कीम देखने को मिलती है, जिसमें पर्ल व्हाइट बॉडी के साथ स्टारी ब्लैक रूफ का कॉम्बिनेशन दिया गया है।
कंपनी ने इन दोनों लिमिटेड एडिशन गाड़ियों में कई खास कॉस्मेटिक बदलाव किए हैं। कार के फ्रंट में नई स्टॉर्म हेक्स ग्रिल और डार्क क्रोम में चमकता एमजी का लोगो दिया गया है। इसके अलावा पियानो ब्लैक रूफ रेल्स, स्मोक्ड फिनिश वाली कनेक्टेड टेललाइट्स और ब्लैक हेडलैंप बेजल इसके लुक को और अधिक स्पोर्टी बनाते हैं। गाड़ी के ऑरा स्टॉर्म ब्लेड अलॉय व्हील्स के अंदर लाल रंग के ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं, जो इसके डार्क और व्हाइट थीम को एक परफेक्ट कंट्रास्ट देते हैं। स्किड प्लेट्स, बॉडी क्लैडिंग और टेलगेट पर भी डार्क एलिमेंट्स का बखूबी इस्तेमाल किया गया है।
केबिन के अंदर कदम रखते ही दोनों स्पेशल एडिशन एक बेहद लग्जरी अनुभव कराते हैं। इंटीरियर में ऑल-ब्लैक लेदर सीट्स दी गई हैं, जिन पर स्पेशल एडिशन का बैज उभरा हुआ नजर आता है। डैशबोर्ड और लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील पर गनमेटल फिनिशिंग दी गई है। प्रीमियम फील को बढ़ाने के लिए कार में 8-कलर एम्ब्रिएंट लाइटिंग, डुअल-पेन पैनोरमिक सनरूफ, इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं।
तकनीक और कनेक्टिविटी के मामले में भी यह SUV काफी आगे है। इसमें 35.56 सेमी (14 इंच) का बड़ा पोर्ट्रेट HD टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो ‘स्मार्ट बूस्ट’ टेक्नोलॉजी से लैस है ताकि स्क्रीन का रिस्पॉन्स तेज रहे। इसके अलावा 17.78 सेमी का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले भी मिलता है। इसमें दिया गया ‘i-Swipe’ फीचर ड्राइवर को केवल दो या तीन उंगलियों के इशारे से म्यूजिक, नेविगेशन और क्लाइमेट कंट्रोल बदलने की सुविधा देता है। एमजी के i-Smart कनेक्टेड व्हीकल प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को 70 से ज्यादा स्मार्ट फीचर्स, डिजिटल ब्लूटूथ की और मेंटेनेंस अलर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
परफॉर्मेंस के लिए दोनों ही गाड़ियों में 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 143 PS की अधिकतम पावर और 250 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस स्पेशल एडिशन में कंपनी ने सिर्फ CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प ही पेश किया है, जिससे शहर और हाईवे दोनों जगह ड्राइविंग बेहद आसान हो जाती है।
सुरक्षा के लिहाज से कंपनी ने इसमें एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), 360-डिग्री HD कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल-होल्ड कंट्रोल और ब्रेक असिस्ट जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स शामिल किए हैं। कंपनी ग्राहकों को लुभाने के लिए 84 महीने की फाइनेंस स्कीम और MG Shield के तहत 3 साल की वारंटी व रोडसाइड असिस्टेंस पैकेज भी दे रही है।

