​Automobile desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की लोकप्रियता लगातार नए आयाम छू रही है। हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो देश में हर महीने लगभग 30 से 35 हजार इलेक्ट्रिक वाहन बिक रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि बीते महीने यानी सितंबर में ईवी की खुदरा बिक्री बढ़कर 35,995 यूनिट के स्तर तक पहुंच गई, जो बीते साल की समान अवधि के मुकाबले 94 प्रतिशत की शानदार बढ़त को दर्शाती है।

यह लगातार चौथा ऐसा महीना रहा है जब इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग 30 हजार के पार दर्ज की गई। खास बात यह है कि भारतीय ग्राहकों का रुझान अब केवल इलेक्ट्रिक हैचबैक या एसयूवी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रीमियम और लग्जरी क्लास में भी इलेक्ट्रिक मॉडल्स अपनी मजबूत पकड़ बना रहे हैं। सितंबर महीने में ही करीब 975 लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ियां रजिस्टर हुईं, जिनमें पिछले साल के मुकाबले 60 प्रतिशत से अधिक का उछाल आया है।

​इसी तेजी से बदलते प्रीमियम सेगमेंट में JSW MG मोटर इंडिया का नया दांव MG M9 एक प्रमुख दावेदार बनकर उभरा है। जुलाई 2025 में ब्रांड के खास प्रीमियम चैनल ‘MG SELECT’ के जरिए पेश की गई इस लिमोसिन स्टाइल MPV की बिक्री का आंकड़ा अब तक 3,000 यूनिट्स को पार कर चुका है। सिर्फ चालू वर्ष में ही इसकी 2,100 से अधिक इकाइयां बिक चुकी हैं, जिससे इसकी औसतन मासिक बिक्री 300 गाड़ियों के आसपास बनी हुई है। देश की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक लग्जरी MPV के रूप में MG M9 ने बाजार में अपनी एक अलग जगह तैयार की है।

​गाड़ी के केबिन को खासतौर पर उन ग्राहकों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर गढ़ा गया है जो सफर के दौरान अधिकतम आराम चाहते हैं। इसमें दी गई प्रेसिडेंशियल सीट्स को 16 अलग-अलग तरीकों से एडजस्ट किया जा सकता है। इन सीटों में 8 मसाज मोड्स के साथ हीटिंग और वेंटिलेशन का फीचर भी मौजूद है। केबिन का माहौल शांत रखने के साथ-साथ इसमें यॉट-स्टाइल डुअल सनरूफ दिया गया है जो पर्याप्त रोशनी अंदर आने देता है। रात के सफर को खुशनुमा बनाने के लिए 64 रंगों वाली एंबिएंट लाइटिंग और 13-स्पीकर का प्रीमियम ऑडियो सेटअप दिया गया है, जिसे सबवूफर और एम्प्लीफायर से जोड़ा गया है। इन तमाम फीचर्स को आर्मरेस्ट पर लगे कंट्रोल पैनल के जरिए आसानी से ऑपरेट किया जा सकता है।

​केबिन के अंदर कॉग्नैक ब्राउन लेदर और सुएड फिनिशिंग का इस्तेमाल किया गया है। जगह की बात करें तो इसमें 1,720 लीटर से अधिक का बूट स्पेस मिलता है, जबकि फ्रंट में 55 लीटर क्षमता का फ्रंक भी दिया गया है। डिजिटल कनेक्टिविटी पर भी पूरा ध्यान रखा गया है; पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन, ट्राई-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, PM2.5 एयर प्यूरीफायर और एमजी की कनेक्टेड कार तकनीक दी गई है। इस तकनीक के जरिए यूजर जियो-फेंसिंग, रिमोट कार कंट्रोल, लाइव डायग्नोस्टिक्स और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट का लाभ उठा सकते हैं।

​परफॉर्मेंस के मामले में MG M9 में 90 kWh क्षमता की NMC बैटरी दी गई है, जो सिंगल फुल चार्ज पर लगभग 548 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देने का दावा करती है। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 245 PS की पावर और 350 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। फास्ट चार्जिंग तकनीक की मदद से इसकी बैटरी को केवल 30 मिनट में 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें ‘व्हीकल-टू-लोड’ (V2L) फीचर भी मिलता है, जिससे गाड़ी की बैटरी का इस्तेमाल दूसरे इलेक्ट्रिकल उपकरणों को पावर देने के लिए किया जा सकता है।

​डिजाइन के लिहाज से देखें तो यह मॉडल पर्ल लस्टर व्हाइट, मेटल ब्लैक और कंक्रीट ग्रे रंगों में उपलब्ध है। फ्रंट प्रोफाइल में विशाल ट्रैपेजॉइडल ग्रिल, स्प्लिट एलईडी हेडलाइट्स और कनेक्टेड DRLs दिए गए हैं, जबकि रियर सेक्शन में वॉटरफॉल स्टाइल टेललाइट्स मिलती हैं। गाड़ी में 19-इंच केconti-seal सेल्फ-सीलिंग टायर्स का इस्तेमाल हुआ है जो छोटे-मोटे पंचर को खुद ही सील कर देते हैं। खराब मौसम में स्पष्ट दृश्यता के लिए इसमें हीटेड आउटसाइड रियर व्यू मिरर (ORVMs) भी दिए गए हैं।

​सुरक्षा के मोर्चे पर MG M9 को मजबूत और अल्ट्रा-हाई-स्ट्रेंथ स्टील बॉडी शैल पर तैयार किया गया है। गाड़ी में सुरक्षा के लिए 7 एयरबैग्स दिए गए हैं और इसने Euro NCAP तथा ANCAP के क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। इसके अतिरिक्त, इसमें लेवल-2 ADAS और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं, जो लंबे सफर के दौरान दुर्घटना की आशंका को कम करते हैं।

​भारतीय बाजार में Toyota Vellfire, Kia Carnival, Lexus LM 350h और Mercedes-Benz V-Class जैसे स्थापित मॉडल्स पहले से मौजूद हैं, लेकिन प्योर इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ आने वाली यह अकेली लग्जरी MPV है। उद्योग आंकड़ों के अनुसार, FY24 में 1,061 यूनिट्स से बढ़कर FY26 में लग्जरी MPV की कुल बिक्री 4,061 यूनिट्स तक पहुंच गई है, जिससे इस सेगमेंट की बाजार हिस्सेदारी 2.3% से बढ़कर 7.2% हो गई है। यह बढ़त साफ दर्शाती है कि शहर के भारी ट्रैफिक और लंबी यात्राओं में अधिक कम्फर्ट की चाह रखने वाले ग्राहक अब पारंपरिक SUVs के मुकाबले ऐसी लग्जरी MPVs को तरजीह दे रहे हैं।