वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी स्व. उदित सिंह के पुत्र भोला सिंह उर्फ तारकेश्वर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, भोला सिंह शौच के लिए घर से कुछ ही दूरी पर गए थे। इसी दौरान वह ट्रांसफॉर्मर पोल के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर की अर्थिंग जमीन में की गई थी और इसी वजह से आसपास की जमीन में करंट प्रवाहित हो रहा था।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

जमीन के संपर्क में आते ही भोला सिंह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत होकर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। शोर होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलने पर परवलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परवलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि करंट लगने से एक अधेड़ की मौत हुई है। पुलिस को लिखित आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ये भी पढ़ें- Bihar Flood: नेपाल की बारिश से बिहार में फिर बाढ़ का खतरा, कई गांव जलमग्न, VTR में भी घुसा पानी