अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर से बड़ी घटना को अंजाम देते हुए पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। दरअसल कल शनिवार की देर शाम बदमाशों ने एक दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना भर्रा-सांख जाने वाली चपरिया बहियार के पास की है।

कनपटी पर सटाकर मारी गोली

मृतक दूध विक्रेता की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख गांव निवासी सत्यनारायण यादव के 45 वर्षीय पुत्र विनोद यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दूध विक्रेता विनोद यादव अपने ड्रम में दूध लेकर बेगूसराय दूध देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें रोककर कनपटी पर सटाकर पास से दो गोली मारकर उनकी निर्मम हत्या कर दी।

मुखबिरी के शक हत्याकांड को अंजाम

घटना को लेकर जो बातें सामने आई हैं, उसके अनुसार अवैध शराब कारोबार की मुखबिरी के शक और पुरानी रंजिश में दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या की गई है। गोलीकांड की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाने की पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। एसपी मनीष ने भी घटनास्थल पर जाकर घटना की जानकारी ली।

नाराज परिजनों ने जाम किया सड़क

आज रविवार को जब पोस्टमार्टम करा कर विनोद यादव के शव को घर लाया जा रहा था, तो इसी दौड़ान मृतक के परिजनों ने राजोड़ा चौक के पास शव को सड़क पर रखकर सड़क को जाम कर लगभग 1 घंटे तक आवागमन को बाधित कर दिया। सड़क जाम की सूचना पाकर मुफस्सिल थाने की पुलिस जाम स्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को काफी समझा-बूझाकर सड़क जाम को हटवाया। उसके बाद आवागमन सड़क पर सामान्य हुआ। सड़क जाम रहने के कारण दोनो तरफ गाड़ी की लंबी कतारे लग गई। भीषण गर्मी में लोग परेशान दिखे।

जांच के लिए एसआईटी का गठन

एसपी मनीष के निर्देश पर इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है। टीम गठित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिराफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेजे को खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि वह सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वे जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

ये भी पढ़ें- नालंदा से उठी नशामुक्ति की आवाज, PM मोदी बोले- युवाओं को जाल में फंसाने की हो रही साजिश