प्रमोद कुमार, कैमूर। जिला पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और हथियार-कारतूस की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मोहल्ला स्थित एक दुकान में छापेमारी कर हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरणों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन बैरल, 25 जिंदा कारतूस, एक ड्रिल मशीन, एक कटर मशीन, एक हथौड़ी और एक मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मोहल्ला निवासी शेख कलीम के पुत्र मोहम्मद असगर अली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी दुकान की आड़ में चोरी-छिपे हथियार एवं गोली की तस्करी करने के साथ-साथ हथियार निर्माण से जुड़े काम में भी संलिप्त था।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कैमूर एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चैनपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मोहल्ला में मोहम्मद असगर अली अपनी दुकान से अवैध रूप से हथियार एवं कारतूस की तस्करी करता है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी की दुकान पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कारतूस समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से तीन बैरल और 25 जिंदा कारतूस के अलावा ड्रिल मशीन, कटर मशीन और हथौड़ी बरामद की। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियार तस्करी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण कहां से आए और इन हथियारों एवं कारतूसों की आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार निर्माण एवं तस्करी के इस कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में बरामद सामान को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियार निर्माण, तस्करी और कारतूस की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- शौचालय की टंकी बनी मौत का कुआं, दम घुटने से दो मजदूरों की मौत, सेंट्रिंग खोलने उतरे थे मजदूर