उत्तम कुमरा, मुजफ्फरपुर। जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां आज सोमवार की सुबह सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में एसएसपी आवास के समीप शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों के दम घुटने के बाद टंकी में ही बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। उन्हें बचाने के प्रयास में एक अन्य मजदूर भी गैस की चपेट में आकर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में चल रहा है।

15 दिन पहले टंकी का हुआ था निर्माण

घटना मुन्ना गुप्ता नाम के नए निर्माणाधीन मकान में हुई। मिली जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले शौचालय की टंकी की ढलाई का काम पूरा हुआ था। सोमवार की सुबह टंकी के अंदर लगी लकड़ी और प्लाई की सेंट्रिंग खोलने के लिए मजदूर सोनू टंकी में नीचे उतरा था। काफी दिनों से टंकी बंद रहने के कारण उसके अंदर जहरीली गैस जमा होने की आशंका है। नीचे उतरते ही सोनू की तबीयत बिगड़ने लगी और वह छटपटाने लगा।

जहरीली गैस की चपेट में आने से दो की मौत

उसे बचाने के प्रयास में ठेकेदार मोहम्मद जहांगीर भी टंकी के अंदर उतर गया, जिसके बाद जहरीली गैस की चपेट में आने के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई और वे टंकी के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि बचाव में उतरा मजदूर दिनेश भी गैस की चपेट में आने से घायल हो गया।

आपस में साले-बहनोई थे मृतक

मृतकों में मीनापुर थाना क्षेत्र के अली नेउरा गांव निवासी सोनू शामिल है। दूसरा मृतक मोहम्मद जहांगीर भी उसका रिश्तेदार बताया जा रहा है। दोनों के साला-बहनोई होने की जानकारी दी गई है। वहीं, घायल मजदूर दिनेश बोचहां थाना क्षेत्र के सरवदीपुर का रहने वाला है।

परिजनों में पसरा मातम

एक साथ दो मजदूरों की मौत की सूचना के बाद इलाके में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलने पर सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं, दूसरी ओर मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें- ‘NDA में सिर फुटव्वल…’, शिक्षक MLC चुनाव को लेकर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने किया बड़ा दावा