सोहराब आलम, मोतिहारी। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है, दरअसल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चल रहे अवैध हथियार निर्माण और आपूर्ति नेटवर्क का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए हैं, साथ ही चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
मामले को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल के नेतृत्व में मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्र की पुलिस तथा डीआईयू टीम के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।
गन पाउडर समेत कई उपकरण बरामद
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि, छापेमारी के दौरान चकिया के ओझा टोला समेत मेहसी, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्र के मड़पा में कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। बरामद सामानों में कारतूस बनाने की मशीन, मेटल शीट, गन पाउडर, केमिकल जैसे नाइट्रिक एसिड, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन और चारकोल समेत अन्य उपकरण शामिल हैं।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ये लोग अवैध रूप से कारतूस बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। कारतूस खरीदने और सप्लाई करने वाले कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क का दायरा और भी बड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस सफल कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले में विस्तृत जानकारी एसडीपीओ चकिया द्वारा प्रेस वार्ता में दी जाएगी। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें- बिहार में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी: गुजरात के युवक को बनाया बंधक, परिवार से वसूले पैसे

