कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मंत्री अशोक चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, अगर प्रशांत किशोर चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। जनता तय करेगी कि एनडीए का उम्मीदवार जीतेगा या प्रशांत किशोर।
अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर विधानसभा भी लड़ चुके है और आगे लोकसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं वहीं, एमएलसी चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि, निशांत कुमार चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसका फैसला पार्टी स्तर पर लिया जाएगा।
प्रशांत ने किया है चुनाव लड़ने का ऐलान
गौरतलब है कि बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं। हालही में अपने एक बयान में उन्होंने यह ऐलान किया था कि, बांकीपुर का उपचुनाव जन सुराज मजबूती के साथ लड़ेगा। उम्मीदवार को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है और उचित समय पर इसकी जानकारी दी जाएगी। दावा यह भी किया जा रहा है कि प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि इसे लेकर अभी तक पार्टी या फिर उनकी तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नितिन नबीन के राज्यसभा जाने पर खाली हुई सीट
बता दें कि नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर से बीजेपी के उम्मीदवार नितिन नबीन विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। हालांकि चुनाव जीतने के कुछ दिन बाद उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। वहीं, इसके अलावा हालही में हुए राज्यसभा चुनाव में उन्हें बिहार से राज्यसभा सांसद चुना गया, जिसके बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। नितिन नबीन के इस्तीफा देने के बाद बांकीपुर सीट खाली है, जिसपर उपचुनाव होना है।
उपचुनाव पर राजद की भी होगी नजर
बांकीपुर सीट पर हो रहे उपचुनाव पर राजद की भी नजर होगी। राजद इस सीट पर जीत हासिल कर बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार का गम थोड़ा कम करना चाहेगी। वहीं, दूसरी ओर बिहार एनडीए में चुकी यह सीट बीजेपी के पास थी। ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा है कि बीजेपी ही इस सीट से अपना उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी कि बांकीपुर उपचुनाव में कौन सी पार्टी अपना सिक्का जमा पाने में कामयाब हो पाती है।
ये भी पढ़ें- डिप्टी CM विजय चौधरी ने देशवासियों को दी बकरीद की बधाई, कुर्बानी के त्योहार को बताया त्याग का प्रतीक

