Bihar News: जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने पटना में एनएसयूआई समेत अन्य वामदल छात्र संगठनों द्वारा मुख्यमंत्री आवास घेराव करने और इस दौरान पुलिस द्वारा उनपर वॉटर कैनन का इस्तेमाल करने पर कहा कि, वॉटर टैंक यूज होगा ना… मान लीजिए आप लॉ एंड ऑडर के लिए कहीं पर प्रॉब्लम कीजिए। पूरे देश में लोग इसकी जरूर चिंता कर रहे हैं कि किसको क्या हुआ?

लेकिन आज तक 70 साल की आजादी में जब-जब प्रदेश में जातीय तनाव हुआ है, सांप्रदायिक दंगे हुए हैं, कौन खड़ा रहता है? यही पुलिस फोर्स खड़ी रहती है। आज उनके ऊपर डंडे और पत्थर लग रहे हैं, उनके ऊपर कोई चिंता नहीं कर रहा है…कितने लोग घायल हुए हैं, उसकी कोई खोज-खबर नहीं ले रहा है।

डेहरी ईओ हत्याकांड पर कही ये बात

वहीं, डेहरी EO हत्याकांड पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, वो तो उनका अपराधी ड्राइवर था। उनके ड्राइवर के साथ व्यक्तिगत अपने संबंध थे। और आप कैसा ड्राइवर रखते हैं? कैसा स्टाफ रखते हैं? वह उनका अपना ड्राइवर था। ये तो उनके ड्राइवर ने किया है और ऐसा नहीं है कि कोई एक-दो दिन, चार दिन, पांच दिन पहले रखा था, दो साल से था।

लोजपा विधायक को बचा रही सरकार- तेजस्वी

गौरतलब है कि आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी यादव ने डेहरी ईओ हत्याकांड को लेकर सरकार पर लोजपा विधायक को बचाने का आरोप लगाया था। तेजस्वी ने कहा कि, डेहरी में हुए कार्यपालक अधिकारी विमल कुमार की हत्या को लेकर पुलिस जो कुछ कह रही है। वह पूरी तरह से गलत है।

उन्होंने कहा कि, सीधे-सीधे इस मामले में लोजपा के डेहरी विधायक सोनू सिंह पर आरोप है। पुलिस उस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस हत्याकांड की जांच सरकार को ठीक से करना होगा। क्योंकि इसमें लोजपा विधायक का नाम है। हम सरकार से मांग करेंगे कि सही जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दे। बता दें कि मृतक ईओ की पत्नी ने भी लोजपा विधायक पर सीधे तौर पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है।

हार से हताश होने की आवश्यक्ता नहीं- अशोक चौधरी

वहीं, बांकीपुर उपचुनाव के परिणाम पर अशोक चौधरी ने कहा कि, जनता का मेंडेट है। जीत से बहुत चिंता और हताश होने की आवश्यकता नहीं है और हार से हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। कुछ न कुछ सीख होती है लोगों के लिए बड़े कैनवस पर काम करने के लिए। उपचुनावों में कहीं न कहीं जो चूक हुई है, उन चूकों पर सुधार करके आगे काम करना है।

ये भी पढ़ें- ‘तेजस्वी के आसपास मौजूद कुछ लोगों को हटाना होगा’, राजद की हार पर भाई वीरेंद्र का बड़ा बयान