वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बिहार शरीफ मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर बड़ा दावा किया।
बांकीपुर में होगी एकतरफा वोटिंग- दीपक प्रकाश
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि, कोई मुकाबला त्रिकोणीय नहीं है। बांकीपुर में बिल्कुल एकतरफा वोटिंग होगी और एकतरफा मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार ने पिछले 20 वर्षों में जो विकास कार्य किए हैं और जो कार्य वर्तमान में जारी हैं, उन्हें देखते हुए जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।
साथ ही उन्होंने यह दावा किया कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में हुए कार्यों का लाभ चुनाव में मिलेगा। मंत्री ने विश्वास जताया कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर एनडीए उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
30 जुलाई को होना है मतदान
गौरतलब है कि 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होना है। नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर बीजेपी ने अभिषेक सिन्हा को मैदान में उतारा है। वहीं, राजद से रेखा गुप्ता, जन सुराज से प्रशांत किशोर और जजद से वीणा मानवी मैदान में हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान से यहां पर मुकाबला राजद, बीजेपी और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय हो गया है, लेकिन दीपक प्रकाश ने इससे इंकार करते हुए चुनाव को एकतरफा बताया है और बीजेपी की जीत का दावा किया है।
तय समय पर होंगे पंचायत चुनाव- दीपक प्रकाश
इस दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी तरह की देरी नहीं होगी।
दीपक प्रकाश ने बताया कि इस बार पंचायत चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के अनुसार नया आरक्षण रोस्टर लागू रहेगा। इसके अलावा पंचायतों के विकास कार्यों के लिए मिलने वाली सरकारी राशि बढ़ाने का भी ऐलान किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे गांवों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
ये भी पढ़ें- पटना में पूर्व मुखिया की हत्या! खेत में शव मिलने से फैली सनसनी, लोगों ने सड़क जाम कर की आगजनी

