० स्विमिंग पूल में डूबने से हुई थी छात्र निशांत गौतम की मृत्यु
० मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित करने के दिए निर्देश
संजीव घनगस,सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में छात्र निशांत गौतम की स्विमिंग पूल में डूबने से हुई मौत के मामले को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर नजर आ रही है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
खेल राज्य मंत्री ने स्विमिंग पूल परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से घटना के समय मौजूद सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने पुलिस आयुक्त को मामले की गहन जांच के लिए स्पेशल टीम गठित करने के निर्देश दिए। यह टीम 30 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
मंत्री गौरव गौतम ने छात्र के परिजनों, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने छात्रों, कोच, स्टाफ और यूनिवर्सिटी जांच टीम से भी बातचीत की।
उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की असामयिक मृत्यु बेहद दुखद और चिंताजनक है। प्रदेश सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
गौरव गौतम ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “अगर कोई दोषी पाया गया, चाहे वह कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
खेल राज्य मंत्री ने मृतक छात्र निशांत गौतम के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी और जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करवाई जाएगी।

सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा करने के दिए निर्देश
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने कहा कि स्विमिंग पूल सहित सभी खेल सुविधाओं में सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विश्वविद्यालय परिसर की सभी खेल सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का ऑडिट कराने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी ऋषिकांत, सीएमओ डॉ. अनुराधा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

