कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में मंत्री जमा खान ने कहा है कि राष्ट्रीय जनता दल के नेता या कार्यकर्ता कुछ भी कहे, लेकिन एक बात समझ लीजिए बिहार में एनडीए की सरकार है और किसी के साथ कहीं कोई गलत नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, लालू यादव या राबड़ी देवी सबको सुरक्षा दिया गया था। सुरक्षा की श्रेणी जरूर घटाई गई थी, लेकिन उन लोगों सुरक्षा वापस कर दी थी। फिर सरकार ने निर्णय लिया कि सुरक्षा की श्रेणी वही रहनी चाहिए और फिर से उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा दे दी गई।
पद के अनुसार हुआ है आवास का आवंटन
जमा खान ने कहा कि, आवास भी उन लोगों को दिया गया है, जिस तरह का पद है। उस तरह से आवास का आवंटन किया गया है। यह लोग ऐसे ही कुछ से कुछ बयान बाजी करते रहते हैं। सरकार पर आरोप मढ़ते रहते हैं, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि, जनता ने उन्हें रिजेक्ट किया है।
नीतीश की बदौलत आज एनडीए की सरकार- जमा खान
इस बीच मंत्री जमा खान ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, बिहार में लगातार 20 साल तक हमारे नेता नीतीश कुमार ने विकास किया और इस विकास की बदौलत ही आज एनडीए की सरकार है। सीएम सम्राट चौधरी भी लगातार काम कर रहे हैं। वहीं, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, बिहार में अपराधी पर त्वरित कार्रवाई को लेकर ही सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है।
सुर्खियों में रहा आवास और सुरक्षा का मुद्दा
गौरतलब है कि बीते लगभग 2 महीने से राज्य में लालू परिवार की सुरक्षा और आवास का मुद्दा सुर्खियों में छाया रहा। सबसे पहले सम्राट सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का नोटिस जारी किया। हालांकि राबड़ी देवी इसे बार-बार अनदेखा करती रही। इस बीच सरकार ने उनकी जेड प्लस सुरक्षा को हटाते हुए सुरक्षा में कटौती की, जिसका विरोध करते हुए लालू परिवार ने अपनी पुरी सुरक्षा वापस कर दी।
अंत में बीते 2 जुलाई को राबड़ी देवी ने सरकारी आवास को भी खाली कर दिया, जिसके बाद पूरा परिवार कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हुआ। इसके बाद सरकार ने एक बार फिर से लालू परिवार को सुरक्षा वापस कर दी है। इन सभी मुद्दों को लेकर जारी बयानबाजी के बीच मंत्री जमा खान की प्रतिक्रिया सामने आई है।
ये भी पढ़ें- Bihar Breaking: बांकीपुर से उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने घोषित किया उम्मीदवार

