फरीदाबाद। फरीदाबाद में शनिवार को उस समय प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली। जब सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने डीपीआरसी भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में कुल 12 जनशिकायतों की सुनवाई की गई। चर्चा के दौरान मंत्री ने शिक्षा विभाग से जुड़े एक गंभीर मामले पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संगीता बिश्नोई को जिले में चल रहे बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों को तत्काल बंद करने के आदेश दिए और अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

शिकायतकर्ता की गैरहाजिरी पर नाराज़गी

बैठक के दौरान एक मामले में शिकायतकर्ता के उपस्थित न होने पर मंत्री कृष्ण बेदी ने नाराज़गी जताई। बिजली विभाग से जुड़ी इस शिकायत पर उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अमला पूरी तैयारी के साथ मौजूद है, लेकिन शिकायतकर्ता का न आना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार से सवाल करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को बैठक में लाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए था। मंत्री ने निर्देश दिया कि मामला फिलहाल पेंडिंग रखा जाए और अगली बैठक में शिकायतकर्ता की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

क्या था मामला?

गांव ढाणी सांचला निवासी सुरेंद्र सिंह ने शिकायत दी थी कि करीब डेढ़ साल पहले तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली की लाइनें टूट गई थीं। शिकायत के बाद अस्थायी मरम्मत तो कर दी गई, लेकिन तारें अभी भी नीचे लटकी हुई हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बैठक में कई मामलों पर चर्चा हुई और प्रशासन को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।