वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच आज शुक्रवार (3, जुलाई) को बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड के पारबीगहा कोरमा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने 25 जून को हत्या का शिकार हुए सूरत पासवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सहायता राशि सौंप नौकरी का दिया आश्वासन

मंत्री लखेंद्र पासवान ने मृतक की पत्नी उम्दा देवी को सरकार की ओर से 4 लाख 12 हजार 650 रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही दूसरी किस्त के रूप में इतनी ही राशि और दी जाएगी। इसके अलावा मृतक के एक आश्रित को सरकारी नौकरी और उनकी मां को प्रतिमाह 8 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा भी की।

बिहार में अब नहीं आएगा जंगलराज- लखेंद्र पासवान

इस दौरान मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि कुछ लोग बिहार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और राज्य में फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब कभी जंगलराज नहीं आएगा और सरकार कानून का राज कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

‘अपराधियों में दिखना चाहिए प्रशासन का खौफ’

मंत्री लखेंद्र पासवान ने जिले में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद डीएसपी और एडीएम को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने फोन पर जिला पुलिस अधीक्षक से भी बात कर कहा कि अपराधियों में प्रशासन का खौफ दिखना चाहिए और पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

मंत्री ने बताया कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नालंदा की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- दुखद: छत का छज्जा गिरने से गर्भवती महिला और अजन्मे बच्चे की मौत, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़