रेवाड़ी। हरियाणा के जनस्वास्थ्य और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने रेवाड़ी में आयोजित शिकायत निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। शुक्रवार को बाल भवन में हुई इस बैठक में वर्षों से लंबित जन समस्याओं को लेकर मंत्री बेहद नाराज दिखाई दिए। उन्होंने बिजली निगम और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के सख्त निर्देश दिए।

रेवाड़ी में मंत्री की बैठक के दौरान दो अलग-अलग नागरिकों ने अपने प्लॉट का कब्जा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने बताया कि वर्ष 2008 और 2011 में प्लॉट मिलने और पूरे पैसे जमा कराने के बावजूद उन्हें आज तक जमीन पर कब्जा नहीं मिला है। कागजों पर कब्जा देने के बाद भी अधिकारियों द्वारा चक्कर कटवाए जा रहे हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने पूछा कि क्या इन प्लॉटों पर पीड़ितों की आने वाली पीढ़ी मकान बनाएगी।

निजी टाउनशिप मालिक पर केस दर्ज करने के आदेश

बैठक में मंत्री ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही एक निजी टाउनशिप के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के निर्देश जारी किए गए। मंत्री ने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान तुरंत होना चाहिए, उनके लिए लोगों को दशकों तक इंतजार क्यों करना पड़ता है। उन्होंने अगली सुनवाई से पहले सभी समस्याओं का हल निकालने की चेतावनी दी।

जलभराव की समस्या पर मांगी रिपोर्ट

शहर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि मौसम की शुरुआत से पहले ही सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने जलभराव की स्थिति पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m