भिवानी। हरियाणा के भिवानी स्थित पंचायत भवन में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री राजेश नागर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयुष्मान योजना से जुड़े अधिकारी को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
बैठक के दौरान आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मरीजों से फीस वसूले जाने का मामला मंत्री के सामने पहुंचा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि निजी अस्पताल के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने आयुष्मान के नोडल अधिकारी विनोद शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश जारी कर दिए।
ग्रीवेंस कमेटी में सबसे ज्यादा शिकायतें पेयजल संकट को लेकर सामने आईं। शहर और गांवों से पहुंचे लोगों ने पानी की किल्लत की समस्या मंत्री के सामने रखी। इस पर मंत्री राजेश नागर ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसई, एक्सईएन समेत अन्य अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि जल्द पानी की सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कई सरपंचों और पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या उठाई।मंत्री के तेवर देखकर बैठक में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप का माहौल दिखाई दिया।

