दुर्गेश राजपूत, ​नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो खुद दिशा भ्रमित वह देश को क्या दिशा देंगे। वहीं उन्होंने इटारसी के चर्चित मुस्कान बालिका गृह मामले में कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए है।

दरअसल, रविवार को नर्मदापुरम पहुंचे जिले के प्रभारी व PWD मंत्री राकेश सिंह ने सेवा संकल्प अभियान की बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद मीडिया से चर्चा में कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। जहां एक तरफ उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर करारा जुबानी हमला बोला, वहीं दूसरी ओर इटारसी के चर्चित मुस्कान बालिका गृह मामले में कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए।

ये भी पढ़ें: ‘छात्रों की गूंज’ नहीं, ‘झूठ की गूंज’ है: राहुल गांधी पर बरसे मंत्री विजयवर्गीय, बोले- ‘अर्बन नक्सलियों की तरह कर रहे काम, देश तोड़ने वालों को कभी नहीं मिलेगी सफलता’

​राहुल गांधी पर बोला हमला

इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को भला कौन गंभीरता से लेता है? वहां छात्रों से ज्यादा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा, जो पार्टी खुद दिशाभ्रमित है, वह देश को क्या दिशा देगी? राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार भारतीय संस्कृति और देश का अपमान करने की राजनीति कर रहे हैं और यही अब कांग्रेस की विचारधारा बन चुकी है।

​इटारसी बालिका गृह कांड: लापरवाही पर कड़े तेवर

इटारसी के मुस्कान बालिका गृह से बीते तीन वर्षों में 5 नाबालिग बच्चियों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने और संस्था संचालिका की ओर से देरी से FIR दर्ज कराने का मुद्दा उठाने पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। ​संचालक मनीष ठाकुर के पॉक्सो मामलों में सपोर्ट पर्सन होने और सत्ता पक्ष से जुड़े होने के बावजूद जिला प्रशासन के कार्रवाई न किए जाने के सवाल पर राकेश सिंह ने स्वीकार किया कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसमें बड़ी लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। आपने विषय ध्यान में लाया है, मैं इस पूरे प्रकरण की तत्काल जांच करवाऊंगा और जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m