कुंदन कुमार, पटना। भोजपुर जिले के शाहपुर में बीते 17 जून को हुए भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर आज बुधवार (24 जून) को महापंचायत बुलाई गई। महापंचायत को लेकर जदयू कोटे से आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जांच का आदेश दिया है, जो भी दोषी हैं, उनकी जांच हो रही है और 302 का मुकदमा दर्ज कर वैसे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, आज महापंचायत है या कुछ और? यह तो विपक्ष के लोग और वहां के लोग जाने, लेकिन सरकार अपना काम कर रही है।

बेतुकी बयानबाजी कर रहा विपक्ष- रत्नेश सदा

वहीं, विपक्ष द्वारा टेंडर घोटाला मामले में सरकार पर टेंडर माफिया रिशुश्री और बड़े अधिकारियों को बचाने का आरोप लगाने के सवाल पर मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि, ऐसी कोई बात नहीं है, जो भी दोषी होंगे उन पर सरकार के द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, विपक्ष के पास कोई काम नहीं है। इसलिए वह इस तरह की बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।

मानक पूरी नहीं करने वाले कोचिंग होंगे सील

खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर सहित बिहार के अन्य कोचिंग सेंटरों पर अग्निशमन विभाग द्वारा नोटिस जारी करने पर मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि, जो भी कोचिंग सेंटर मानकों को पूरा नहीं करता है, उनको जल्द सील भी कर दिया जाएगा। वहीं, मॉनसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग की तैयारी को लेकर उन्होंने कहा कि, विभाग पूरी मुस्तादी से तैयार है, चाहे सुखाड़ की स्थिति हो या बाढ़ की सभी पीड़ितों को इसका लाभ दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- हंगामा करने से क्या फायदा? भरत तिवारी एनकाउंटर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान