कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार आज सोमवार (6 जुलाई) को जदयू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पहले से तय जनसुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम में आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। जनसनुवाई पूरी होने के बाद श्रवण कुमार ने मीडियो को संबोधित करते हुए कहा कि, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शुरू से ही आम जनता की शिकायतों को सुनकर उनका समाधान करते रहे हैं। इसी कारण से जदयू कार्यालय में भी इस तरह का कार्यक्रम किया जा रहा है।

प्रशांत को जनता कर देगी रिजेक्ट- श्रवण कुमार

वहीं, प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने से जुड़े एक सवाल के जवाब में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर पहले से ही ताल ठोक रहे थे। इस बार भी ताल ठोक कर मैदान में आए हैं, लेकिन जिस तरह से विधानसभा के चुनाव में जनता ने उन्हें रिजेक्ट किया है। इस चुनाव में भी जनता उन्हें रिजेक्ट करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ ताल ठोक देने से या आप लंबी-लंबी बात कर देने से जनता आपका साथ नहीं देती है।

विकास कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं सीएम- श्रवण कुमार

उन्होंने कहा कि, बिहार में हमारे नेता (नीतीश कुमार) ने 20 साल विकास का काम किया है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी लगातार विकास के कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं, जनता सब कुछ देख रही है। जनता पूरी तरह से एनडीए के साथ है और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता भी एनडीए का ही साथ देने का काम करेगी। उनके कुछ कहने से किसी भी तरह के गठबंधन कर लेने से कोई फायदा नहीं होगा।

नीतीश ने लौटाया सूद समेत कर्ज- श्रवण कुमार

श्रवण कुमार ने कहा कि, हमारे नेता नीतीश कुमार ने ही मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी को चुना और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया। नीतीश कुमार किसी का कर्ज नहीं रखते हैं, भारतीय जनता पार्टी ने लगातार नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया था और जब समय आया तो हमारे नेता ने ही सूद समेत उस कर्ज को लौटा करके भाजपा के नेता को मुख्यमंत्री बनाया है, यह तो उनका शुरू से सिद्धांत रहा है।

उन्होंने कहा कि, गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है। किसी भी हालत में जीत हमारी होगी। क्योंकि जनता हमारे साथ है। जनता विकास कार्यों पर वोट देता है और बांकीपुर की जनता देख रही है कि पटना के पावन भूमि में लगातार विकास का कार्य हो रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘बांकीपुर एक सीट नहीं, पूरे बिहार की प्रतिष्ठा का चुनाव’, JDU सांसद संजय झा का बड़ा बयान, राजद ने भी भरी हुंकार