कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज सोमवार 6 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जन सुराज ने बांकीपुर से प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जिसके बाद से इस चुनाव को लेकर सियासी हलचल काफी तेज हो चुकी है। इस बीच पीके को उम्मीदवार बनाए जाने पर जदयू सांसद संजय झा की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। संजय झा ने कहा कि, लोकतंत्र में चुनाव में किसी को भी कहीं से भी खड़ा होने और चुनाव लड़ने का अधिकार है और जनता मालिक होती है।
पूरे बिहार की प्रतिष्ठा का चुनाव- संजय झा
संजय झा ने बांकीपुर उपचुनाव को सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि पूरे बिहार की प्रतिष्ठा का चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है और यहां का परिणाम आने वाले समय की दिशा तय कर सकता है। उन्होंने कहा कि, नितिन नबीन पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने है, जो अपने आप में बड़ा ही महत्वपूर्ण है। संजय झा ने कहा कि, नितिन नबीन ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जिन्हे राज्य की सत्ता से जुड़े होने के बाद भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। कांग्रेस में ऐसा नहीं हो सकता।
संजय झा ने किया एनडीए की जीत का दावा
इसके साथ ही संजय झा ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव एनडीए बड़ी अंतर से जीत दर्ज कर रही है। ऐसा हम लोगों को फीडबैक मिल रहा है। वहीं, नीतीश कुमार को उन्होंने एनडीए का सर्वमान्य नेता बताया और कहा कि, नीतीश कुमार 2005 से मुख्यमंत्री बने पिछले 20 साल से मुख्यमंत्री थे, ज्यादा समय हम लोगों एनडीए में ही रहे, थोड़ा समय के लिए विपक्ष में थे।
संजय झा ने आगे बड़ा बयान देते हुए कहा कि, नीतीश कुमार को बिहार की जनता ने आशीर्वाद दिया है। यह सरकार भी नीतीश कुमार के आशीर्वाद से चल रहा है। नीतीश कुमार को कोई प्रेशर में नहीं ला सकता है। वह खुद का डिसीजन है, उनका पूरी सरकार में नीतीश कुमार का सहभागिता और मार्गदर्शन के साथ चल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी पर साधा निशाना
इस दौरान तेजस्वी यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव को क्या समझ में आता है कि खजाना खाली है? वे अपने ही राज्य को बदनाम करते रहते हैं। कोई खजाना खाली नहीं है। खजाना खाली क्या होता है? बिहार में पैसे की कोई किल्लत नहीं है। तेजस्वी यादव को अपना समय याद आता होगा, जब छह महीने पर वेतन नहीं मिलता था।बिहार में जो विकास की गति है और तेज गति से चलेगी।
उपचुनाव को लेकर राजद ने भी भरी हुंकार
एक तरफ एनडीए अपनी जीत का दावा कर रही है। वहीं, प्रशांत किशोर ने सियासी डेब्यू कर बांकीपुर उपचुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। इस बीच राजद ने भी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की बात कही है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि, राजद मजबूती के साथ बांकीपुर का उपचुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि, पिछली बार (2025 विधानसभा चुनाव) में भी हमारी पार्टी को जनता ने 50 हजार से अधिक वोट दिया था। जल्द ही पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि, याद रखिए लालू जी के विचार धारा को मानने वाले जो लोग हैं, वो हमारे साथ है और मजबूती से चुनाव लड़ना है और जीतना भी है।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर में प्रशांत किशोर की एंट्री के बाद BJP अलर्ट, इस दिग्गज को लड़ा सकती है चुनाव

