अनिल मालवीय, सीहोर। जिला मुख्यालय के दूरस्थ ग्राम बोरदी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति निर्मित हो गई, जब प्रदेश सरकार के दो कद्दावर मंत्री बड़ी उत्सुकता से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुन रहे थे। मंच और पहली पंक्ति में जहां मंत्री व स्थानीय वीआईपी नेताओं का तांता लगा हुआ था, वहीं उनके ठीक पीछे बिछाई गई सैकड़ों कुर्सियां पूरी तरह खाली नजर आईं।  

READ MORE: वीडियो कॉल पर महिला से अश्लील चैट करते दिखे महाराज! महंत पद से हटाने भेजा जाएगा प्रस्ताव; बोले— ‘मिर्ची बाबा के शिष्य ने फंसाया’

ग्राम बोरदी में आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और मंत्री प्रहलाद पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों दिग्गज नेता अपने समर्थकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मंच के पास लगी विशेष सोफे-कुर्सियों पर बैठकर प्रधानमंत्री के संबोधन को बेहद ध्यानपूर्वक सुनते दिखाई दिए। एलईडी स्क्रीन पर ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण चल रहा था और नेतागण ताली बजाकर प्रधानमंत्री के विचारों का स्वागत भी कर रहे थे।  

लेकिन इस पूरे भव्य आयोजन का एक दूसरा पहलू भी सामने आया, जिसने आयोजकों की व्यवस्था और भीड़ जुटाने के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। पंडाल के पिछले हिस्से में आम जनता और कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए लाल रंग की कुर्सियों की लंबी कतारें सजाई गई थीं। हैरानी की बात यह रही कि मंत्रियों के ठीक पीछे की यह पूरी दीर्घा खाली पड़ी रही और कुर्सियां दर्शक-श्रोताओं का इंतजार ही करती रह गईं।  

READ MORE: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी कॉन्टेस्ट विजेता ने लगाई फांसीः फोन पर बातचीत के दौरान हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी

आयोजन में दो-दो कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी के बावजूद पीछे खाली पड़ी कुर्सियों का यह नज़ारा अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ जहां नेताजी ‘मन की बात’ सुनने में मग्न थे, वहीं दूसरी ओर खाली कुर्सियों का यह दृश्य यह साफ बयां कर रहा था कि पीएम के संबोधन को सुनने के लिए वैसी भीड़ नहीं जुट सकी जिसकी उम्मीद आयोजकों ने लगाई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m