फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली से सटे दुर्गा बिल्डर इलाके में एक नाबालिग साले ने अपने ही जीजा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बहन को छोड़ने की कथित धमकी से नाराज था और इसी गुस्से में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय जब्बार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मामले की जांच मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि हत्या करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का नाबालिग साला ही था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके जीजा ने उसकी बहन को छोड़ने की धमकी दी थी। इसी बात से वह गुस्से में आ गया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे जब्बार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले हैं। फिलहाल आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

