जींद के जुलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए पहुंची एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की उम्र का खुलासा होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने खुद को किशोरी का पति बताने वाले युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
जींद। जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को डिलीवरी के लिए पहुंची एक किशोरी की उम्र जानकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में पता चला कि प्रसव पीड़िता महज 15 वर्ष की नाबालिग है। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से दिल्ली निवासी किशोरी को डिलीवरी के लिए जुलाना सीएचसी लाया गया था। उसके साथ आए युवक ने अपना नाम विक्की बताते हुए खुद को किशोरी का पति बताया। जब स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की तो लड़की की उम्र 15 वर्ष पाई गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
महिला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी से पूछताछ की। उसने विक्की के साथ खुद को शादीशुदा बताया। जांच में सामने आया कि आरोपी युवक के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है और वह वर्ष 2025 से लगातार किशोरी के संपर्क में था। इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार, विक्की किशोरी को लेकर दिल्ली से जुलाना अपनी बहन के पास आया था, जहां डिलीवरी करवाई जानी थी। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन शोषण, चाइल्ड प्रोटेक्शन और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर दिल्ली पुलिस को भेज दी है। मामले की आगे की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी।

