वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां स्कूल जाने के लिए घर से निकली एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार के घिनौने चक्रव्यूह में फंस गई। लहेरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है, बल्कि इस रैकेट में शामिल तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को भी दबोच लिया है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ी गई महिलाएं पहले भी इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त रही हैं और जेल की हवा खा चुकी हैं।

स्कूल के लिए निकली, फिर नहीं लौटी

इस पूरे मामले की शुरुआत बीते 7 मई को हुई थी, जब नाबालिग बच्ची हमेशा की तरह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो उसकी मां ने लहेरी थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपहृत बच्ची को जेपी हॉस्पिटल के पीछे नालंदा कॉलोनी में रहने वाली रेखा देवी नामक महिला ने अपने घर में छिपाकर रखा है और उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर उक्त ठिकाने पर छापेमारी की गई, जहां से बच्ची को बरामद कर लिया गया।

जबरन बनवाया संबंध

थाना अध्यक्ष ने बताया कि बरामदगी के बाद जब बच्ची से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथ हुई इस खौफनाक आपबीती का खुलासा किया। बच्ची ने बताया कि अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ करीब 8 से 10 बार जबरन संबंध बनवाया गया। इस घिनौने खेल के पीछे बच्ची की गरीबी का फायदा उठाकर उसे पैसों का लालच दिया गया था।

मां के साथ भुट्टा बेचती थी पीड़िता

दरअसल, पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ मिलकर बाल बेचने और भुट्टा पकाने का काम करती थी। इसी दौरान इस गिरोह की नजर उस पर पड़ी। जांच में यह भी साफ हुआ है कि मंसूर नगर के रहने वाले एक शादीशुदा प्रेमी राजा कुमार ने पहले बच्ची को अपने जाल में फंसाकर उसके साथ गलत काम किया और फिर उसे सोहसराय की रहने वाली किरण नामक महिला के पास ले गया। किरण लगातार उस जगह पर जाती थी जहां बच्ची की मां भुट्टा बेचती थी और बच्ची को एक बेहतर और ऐशो-आराम की जिंदगी का प्रलोभन देती थी। इसी झांसे में आकर बच्ची उसके साथ चली गई, जहां उसे इस दलदल में धकेल दिया गया।

पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दीपनगर थाना क्षेत्र के उमेदनगर मोहल्ला जो शिवपुरी में किराए पर रहती है, सुबोध पासवान की पत्नी रेखा देवी, गिरियक थाना क्षेत्र के चोरसूआ बकरा निवासी मुरारी पासवान की पत्नी बेवी देवी, सोहसराय के मंसूर नगर का रहने वाला चंदू मिस्त्री का बेटा राजा कुमार, एकंगरसराय के रामचंद्रपुर का रहने वाला कृष्ण प्रसाद का बेटा विद्या कुमार और झारखंड के पलामू जो फिलहाल बिहार शरीफ में रहती है। संतोष कुमार भारती की पत्नी लक्ष्मी देवी शामिल हैं।

पुलिस की छानबीन जारी

पुलिस के अनुसार, इस रैकेट में शामिल अन्य महिलाओं द्वारा ग्राहकों को बहला-फुसलाकर बुलाया जाता था और इस अवैध धंधे से मोटी कमाई की जाती थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

ये भी पढ़ें- प्रेम-प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या, लड़की के चाचा ने दी थी जान से मारने की धमकी