सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले के रुन्नीसैदपुर में मंगलवार रात एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बीती रात करीब 12 बजे की है। मृतक की पहचान देवनाबुजुर्ग पंचायत के बलिगढ़ वार्ड संख्या 2 नया टोला निवासी गन्नौर पासवान के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

दादा को लाने गया था मृतक

परिजनों ने बताया कि अभिषेक अपने दादा नारायण पासवान को धरहरवा गांव से वापस लाने के लिए देर रात अपने बाइक से जा रहा था। नारायण पासवान गांव में पूजा कराने गए हुए थे। रुन्नीसैदपुर पुपरी पथ रेलवे फाटक से मननपुर की तरफ 200 मीटर आगे अज्ञात अपराधियों ने अभिषेक को गोली मार दी। गोली लगने से अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए रुन्नीसैदपुर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अभिषेक अपने दो बड़ी बहनों और एक छोटे भाई में सबसे बड़ा था। उनके दादा नारायण पासवान गांव में पंडिताई का काम करते हैं।

प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका

मृतक की बहन अर्चना कुमारी ने बताया कि, मेरे भाई अभिषेक कुमार की हत्या प्रेम प्रसंग में कराई गई है। लड़की और उसके परिवार वालों ने मिलकर मेरे भाई को मरवाया है। लड़की के चाचा रमेश चौधरी ने पहले भी स्कूल जाकर मेरे भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। हमने लड़की को समझाया था कि वह मेरे भाई से बात नहीं करे, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार कॉल कर रही थी। हमें रात करीब 10:30 बजे प्रशासन की ओर से फोन आया कि मेरे भाई को गोली मार दी गई है। हम चाहते हैं कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

चार दिन में तीन लोगों की हत्या

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों के भीतर रुन्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में गोलीबारी और हत्या की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले महिंदवाड़ा थाना क्षेत्र में कुख्यात सरोज राय के पट्टीदार रामाशंकर राय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं नानपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक सुंदर कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

ये भी पढ़ें- अपहरण के बाद छात्र की निर्मम हत्या, खून से सनी लाश को सड़क किनारे फेंका, मांगी थी 2 लाख की फिरौती