Bihar Crime: बिहार के अररिया जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। दरअसल अपराधियों द्वारा यहां पहले एक छात्र का अपहरण किया जाता है, इसके बाद परिजनों से 2 लाख की फिरौती मांगी जाती है। इसके बाद अंत में छात्र की निर्मम हत्या कर उसके शव को फेंक दिया जाता है। आज बुधवार की सुबह छात्र का खून से सना शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पूरा मामला पलासी थाना क्षेत्र के कनखुदिया गांव की है। इन सबके बीच पुलिस खाक छानती रह गई।

सोमवार की शाम से था गायब

मृतक छात्र की पहचान कनखुदिया गांव निवासी विशाल कुमार महतो के रूप में हुई है। उसका शव गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर बेलबाड़ी बहियार से बरामद हुआ। घटना के बाद से परिजनों में मातम का माहौल है। वहीं, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक विशाल कक्षा दसवीं का छात्र था। मिली जानकारी के अनुसार विशाल बीते सोमवार की शाम 5 बजे के करीब किसी काम को लेकर कनखुनिया चौक गया था। इसके बाद वह फिर कभी नहीं लौटा।

बंद आता रहा मोबाइल

जब देर रात तक वह अपने घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी। घरवालों ने उसकी खोजबीन भी शुरू की, मोबाइल पर लगातार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आता रहा। लोगों ने जान-पहचान और रिश्तेदारों के यहां भी बातचीत की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका।

बड़े भाई के फोन पर आया था फिरौती का मैसेज

इस बीच मंगलवार की देर शाम विशाल के बड़े भाई राजा महतो जो पंजाब में काम करता है, उसके मोबाइल पर एक अंजान नबंर से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें विशाल के अपहरण करने की बात और दो लाख रुपए देकर उसे सुरक्षित छुड़ाने की बात कही गई थी। हालांकि परिवार के लोग लगातार उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मोबाइल बंद आता रहा।

विशाल की मां ने दर्ज कराई शिकायत

थक हारकर मंगलवार की शाम विशाल की मां ममता देवी पलासी थाने पहुंचे और विशाल के अपहरण को लेकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर विशाल का पता लगाने में जुट गई। परिजनों की उम्मीद थी की पुलिस विशाल को सही सलामत बचा लेगी। लेकिन आज बुधवार की सुबह उन लोगों की सभी उम्मीदें उस समय टूट गई, जब बेलबाड़ी बहियार में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली।

शरीर पर थे कई गहरे जख्म के निशान

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की पहचान कराई तो वह विशाल निकला। विशाल का शव खून से लथपथ था और शरीर पर धारदार हथियार से कई जगह गहरे जख्म के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने बेहद बेरहमी से उसकी हत्या की है। घटना की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। बेटे का शव देखते ही मां ममता देवी दहाड़ मारकर रोने लगी। वहीं, अन्य परिजन भी बदहवास नजर आए।

पुलिस ने जल्द कही गिरफ्तारी की बात

पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फिरौती मांगने वाले व्हाट्सएप नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि बहुत जल्द हत्या के पीछे की वजह का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। इस घटना को लेकर इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

ये भी पढ़ें- जमीनी विवाद में पाटीदारों ने ली जान, खूनी संघर्ष के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार