प्रमोद कुमार, कैमूर। पांचवीं बार अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनने के बाद मोहम्मद जमा खान पहली बार कैमूर पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका बड़े ही धूमधाम के साथ स्वागत किया। इस दौरान मंत्री मोहम्मद जमा खान ने बिहार की जनता और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, शाहाबाद क्षेत्र में अधूरे पड़े काम को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

बिहार की जनता का जताया आभार

इस मौके पर मोहम्मद जमा खान ने कहा कि, यह हमारे कैमूर की जनता और बिहार के तमाम जनता का आशीर्वाद है, जिसके चलते आज मैं 5वीं बार मंत्री बनाया गया हूं। इसके लिए मै बिहार के तमाम जनता को धन्यवाद देता हूं। इसके साथ ही बिहार के युवा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी धन्यवाद देता हूं, क्योंकि उन्होंने मुझपर विश्वास करते हुए मुझे 5वीं बार मंत्री बनाया। मैं उनके विश्वास पर खरा उतरूंगा और जो भी कार्य मेरे कार्यकाल में अधूरा रह गया था उसको पूरा करना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी।

NDA में नहीं होता परिवारवाद- जमा खान

निशांत कुमार और दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के बाद विपक्ष द्वारा परिवारवाद को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जमा खान ने कहा कि, एनडीए पार्टी परिवारवाद नहीं करता है, क्योंकि अगर मेरे जैसा नेता को लेकर आगे बढ़ता है, तो उसे परिवारवाद नहीं कहा जाता है, जहां तक नीतीश कुमार के बेटे की बात है, तो नीतीश कुमार ने कभी भी परिवारवाद नहीं किया, उनके कार्यालय में जहां तक हो सका उन्होंने अपने नेताओं को लेकर आगे बढ़ाने का काम किया है। एनडीए सरकार जनता का विकास करते आया है। यही वजह है, जो एनडीए सरकार का नाम और उसके काम की चर्चा विदेशों में भी होता रहा है।

पीएम मोदी अच्छा ही सोचते हैं- जमा खान

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक साल के लिए सोना नहीं खरीदने, प्रेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और वाहनों का इस्तेमाल कम करने की अपील को लेकर किए गए सवाल पर जमा खान ने कहा कि, हमारे नेता नरेंद्र मोदी जब भी सोचते हैं, कुछ अच्छा ही सोचते हैं। अगर हमारा काफिला चल रहा है और आप भी उसमें शामिल हो जाएं तो वह कोई नुकसान नहीं होता है, हालांकि सभी को पेट्रोल डीजल बचाना है और बचाना भी होगा।

ये भी पढ़ें- कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने फार्मर रजिस्ट्री का किया शुभारंभ, भ्रष्ट अधिकारियों को दी ये चेतावनी