कुंदन कुमार/ पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर उनकी पुत्री और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने उन्हें भावपूर्ण शुभकामनाएं दीं। इस खास मौके पर पटना पहुंचे समर्थकों के बीच मीसा भारती ने न केवल अपने पिता के प्रति स्नेह प्रकट किया बल्कि बिहार की वर्तमान सरकार को कड़े शब्दों में घेरा।
पिता को मिले मेरी उम्र
लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के लिए बिहार के कोने-कोने से राजद समर्थक पटना पहुंचे थे। इस दौरान मीसा भारती काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने अपने पिता को जन्मदिन की बधाई देते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की। उन्होंने कहा मेरी उम्र भी मेरे पिताजी को लग जाए।
सुरक्षा और आवास विवाद पर सरकार को घेरा
मीसा भारती ने बिहार सरकार पर ध्यान भटकाने की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने राबड़ी देवी की सुरक्षा और आवास को लेकर चल रहे विवाद पर सवाल उठाते हुए कहा कि राबड़ी देवी तीन बार बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उन्हें जिस श्रेणी का बंगला आवंटित है वह उसी श्रेणी में आता है। उन्होंने प्रश्न किया कि अचानक उनके आवास को बदलने या हटाने की बात क्यों की जा रही है? मीसा ने इसे सरकार की दुर्भावनापूर्ण राजनीति करार दिया।
जनहित और विकास के मुद्दों की अनदेखी
मीसा भारती ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि सरकार को जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, सरकार को बिहार की जनता, नौजवानों के रोजगार और राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) पर बात करनी चाहिए।
उन्होंने डबल इंजन की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में और 20 वर्षों से बिहार में इनकी सरकार है लेकिन इस दौरान एक भी नया कारखाना बिहार में नहीं लगा। उन्होंने सरकार को सलाह दी कि वे अनावश्यक विवादों में पड़ने के बजाय राज्य के विकास और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दें। मीसा भारती के इस बयान ने बिहार की राजनीति में फिर से हलचल पैदा कर दी है और राजद का यह आक्रामक रुख विपक्ष की सक्रियता को दर्शाता है।

