Bihar News: बिहार में बाढ़ और अपराध को लेकर राजद सांसद मीसा भारती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। आज पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, जब चुनाव आता है तो उन्हें (केंद्र सरकार) याद आ जाता है कि बिहार भी कुछ है। उन्होंने कहा कि, हर साल बिहार में बाढ़ आता है, लेकिन उन्होंने बेहतर इंतजाम क्यों नहीं किया है। 2024 में अमित शाह ने कहा था कि हमें एक मौका दीजिए हम बिहार को बाढ़ मुक्त कर देंगे। जनता उनसे पूछ रही है कि बिहार बाढ़ मुक्त कब होगा?

छेड़खानी की घटनाओं पर साधा निशाना

वहीं, हाल के दिनों में जमुई से लेकर समस्तीपुर तक की घटनाओं पर मीसा भारती ने कहा कि, लोग बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओं की बात करते हैं, लेकिन यहां क्या हो रहा है? आए दिन घटनाए घट रही हैं। जब सरकार से सवाल पूछा जाता है, तो ये लोग कहते हैं कि हमारा प्रशासन मुस्तैद है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में जमुई, समस्तीपुर, मधेपुरा , पटना और गयाजी जिले से युवतियों के साथ मनचलो द्वारा छेड़खानी और बदसलूकी किए जाने का कई वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर विपक्ष सम्राट सरकार पर हमलावर है।

बाढ़ से 7 जिलों में हालात काफी खराब

बिहार में एक बार फिर से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पूर्वी-पश्चिम चंपारण समेत 7 जिलों में हालात काफी खराब हैं। कई इलाकों में सड़क पर 4-5 फीट तक पानी भर गया है। कई जगहों पर हालात इतने खराब हैं कि बाढ़ में फंसे लोगों तक राहत सामग्री भी पहुंचाना मुश्किल है। इस बीच बाढ़ के संकट और स्थिति को देखते हुए राजद सांसद मीसा भारती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

सारण में टूटा मुख्य तटबंध

सारण जिले में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से आज गुरुवार की सुबह पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर गांव में सारण मुख्य तटबंध टूट गया। तटबंध के टूटने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है और पानी तेजी से निचले इलाकों में फैलने लगा। पानापुर प्रखंड के अलावा तरैया क्षेत्र में भी इसका असर दिखने लगा है। तटबंध टूटने के कारण स्थिति अधिक भयावह हो गई है। इसके अलावा मकेर प्रखंड में छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-722) और मकेर-परसा-शीतलपुर सड़क पर भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।

ये भी पढ़ें- ‘PM मोदी के भाषण के लिए तैयार हो रहा कंटेंट’, गयाजी में युवती से बदसलूकी की घटना पर तेजस्वी का तंज