Bihar News: संसद में जारी गतिरोध को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से सदन को चलने दने की अपील की है साथ ही कहा है कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अमित शाह ने इस संबंध में आज बुधवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र भी लिखा, जिसमें उन्होंनें नीट पेपर लीक पर छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा के लिए समय तय करने की मांग की। शाह के इस बयान पर राजद सांसद मीसा भारती की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मीसा भारती ने शाह पर कसा तंज

राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन में ये जरूर बताया कि अमित शाह चाहते हैं कि वे सदन के अंदर आएं और अपनी बातों को रखें लेकिन वे बातें अमित शाह कब रखेंगे जब हम उनकी बातों को शांतिपूर्वक सुनेंगे। शोर नहीं मचाना है, कोई सवाल नहीं पूछना है। आपको जो अमित शाह कहेंगे वो सच मान लेना है। इतने दिनों से विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है और युवाओं के भविष्य से जुड़े हुए इस मुद्दे से जरूरी मुझे नहीं लगता कि कोई अन्य विषय है।

झारखंड छात्र आंदोलन पर कही ये बात

वहीं, झारखंड में छात्रों के आंदोलन पर मीसा भारती ने कहा कि, झारखंड में छात्र जो मांग कर रहे हैं, उनके साथ झारखंड सरकार भी है। झारखंड सरकार जिसमें हम भी शामिल हैं, छात्रों की 12 मांगों में से 10 मांगें सरकार मान चुकी है। 2 अन्य मांगों पर भी चर्चा की जा रही है।

उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष पर साधा निशाना

RLM प्रमुख और सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि, अमित शाह ने अध्यक्ष को भी पत्र लिख कर कहा है कि वे चर्चा के लिए तैयार हैं, जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हो तब ना। विपक्ष रोज-रोज अपना विषय बदलता है। कुल मिलाकर ये साफ होता है कि विपक्ष को सदन की कार्यवाही से, जनता के काम में कोई दिलचस्पी नहीं है।

ये भी पढ़ें- ‘CM, PM और गृह मंत्री ने मुंह में दही जमा लिया’, सीवान AK-47 फायरिंग पर तेजस्वी का बड़ा हमला