अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत सागर मोहल्ले में महिलाओं एवं पुरुषों पर जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में पड़ोस के ही कुछ दबंग लोगों ने एक घर की महिलाओं के साथ अभद्रता एवं मारपीट करते हुए कई पुरुषों को भी बुरी तरह घायल कर दिया है। घटना बीते शनिवार की दोपहर की बताई जाती है, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

घर में घुसकर मारपीट व अभद्रता

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि पड़ोस के ही रहने वाले अजय खटीक, बीरु खटीक, श्यामा खटीक, गोविन्द खटीक, लक्ष्मण खटीक, ऋषि खटीक सहित अन्य लोग पीड़ित दीपक केसरी के घर में अचानक घुस गए और उसे बुरी तरह मारते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट करते हुए अभद्रता की गई।

मारपीट का वीडियो वायरल

वहीं मारपीट का एक वीडियो भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति को घर से खींचकर करीब चार से पांच लोग बुरी तरह मार रहे हैं और महिलाओं ने जब इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुराने विवाद में हुई मारपीट – डीएसपी

घटना के संदर्भ में सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि बीते शनिवार को नगर थाना क्षेत्र के सागर मोहल्ले में एक परिवार के साथ मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है और सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभी भी छापेमारी चल रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: सनकी पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, सच छुपाने के लिए रची झूठी कहानी