हजारीबाग। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पनेश्वर कुमार महतो आखिरकार मिल गए हैं। मंगलवार रात से लापता चल रहे पनेश्वर महतो बुधवार को हजारीबाग के कन्हरी हिल इलाके के पास मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण और इलाज चल रहा है। सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पनेश्वर महतो के मिलने की खबर के बाद JLKM के नेता और बड़ी संख्या में समर्थक सदर अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।

रात 10 बजे के बाद हुए थे लापता

रामगढ़ के कैथा निवासी पनेश्वर महतो के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे के बाद वह अचानक लापता हो गए थे। जानकारी मिलने के बाद समर्थकों ने रातभर उनकी तलाश की।

पनेश्वर महतो ने आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे एक सफेद बोलेरो उनके पास पहुंची। वाहन के शीशे काले थे और उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। उनका दावा है कि वाहन में मौजूद लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

मोबाइल से फोन कराकर बुलाया गया सहयोगी

पनेश्वर महतो का आरोप है कि गाड़ी में करीब पांच लोग सवार थे। उनके मोबाइल फोन से ही सहदेव महतो को फोन कराया गया और उन्हें गोबरदरहा चौक पहुंचकर गाड़ी ले जाने के लिए कहा गया।

उनके मुताबिक, शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पुलिस की गाड़ी है और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। लेकिन आरोप है कि उन्हें हजारीबाग की ओर ले जाया गया।

कोयला-बालू के मुद्दे पर सक्रियता को लेकर धमकाने का आरोप

JLKM नेता ने आरोप लगाया कि रातभर उन्हें डराया-धमकाया गया और प्रताड़ित किया गया। उनके मुताबिक, उनसे पार्टी की गतिविधियों को लेकर सवाल किए गए और खास तौर पर कोयला-बालू से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता को लेकर दबाव बनाया गया।

हालांकि, पनेश्वर महतो की ओर से लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

सुबह जंगल में छोड़ने का दावा

पनेश्वर महतो के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी।एक स्थानीय व्यक्ति से फोन मिलने के बाद उन्होंने अपने सहयोगी आनंद केटियार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद समर्थकों की मदद से उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में मेडिकल जांच, पुलिस तैनात

फिलहाल पनेश्वर महतो का सदर अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। उनके मिलने की सूचना के बाद अस्पताल में समर्थकों की भीड़ जुट गई है। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

अब पुलिस के सामने पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह पता लगाने की चुनौती है कि पनेश्वर महतो के साथ वास्तव में क्या हुआ और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।