अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम करना भारी पड़ गया। पुलिस ने इस मामले में विधायक डॉ. आरके दोगने, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन साई विश्नोई समेत 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं विधायक के विवादित बयान से सियासत भी गरमा गई है। उन्होंने एसपी-कलेक्टर को चोर और भाजपा का दलाल बताया है।

दरअसल, ग्राम रेलवा निवासी अजब सिंह की कथित पुलिस प्रताड़ना से मौत के मामले में नेशलन हाईवे पर चक्काजाम किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने अजब सिंह को न्याय दिलाने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाईवे जाम किया था। शव सड़क पर रखे जाने से लंबे समय तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने मामले में कांग्रेस, जयस, भीम आर्मी और अन्य सामाजिक संगठनों के नेताओं को आरोपी बनाया है।

ये भी पढ़ें: CISF की बाउंड्री वॉल बनी मौत का जाल! किशोर के गले में घुसा नुकीला सरिया, जबड़े को चीरते हुए मुंह से निकला बाहर

इनमें राकेश काकोड़िया, पुरुषोत्तम कलम, महेंद्र जमरे, राजेश गौर, देवीसिंह परते, राहुल पवारे, महेंद्र काशिव और गौरेलाल सिसोदिया सहित अन्य नाम शामिल हैं। हंडिया थाना प्रभारी आरपी कवरेती के मुताबिक, NHAI अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इधर, विधायक दोगने ने मामले को लेकर विवादित बयान देते हुए हरदा एसपी, कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार को “चोर” और “भाजपा का दलाल” बताया। विधायक के इस बयान के बाद जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में माहौल गर्मा गया है।

विधायक डॉ. आरके दोगने

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m