सिरसा। सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया को बीती रात फोन पर गाली-गलौज और धमकियाँ मिलने का मामला सामने आया है। विधायक ने इस संबंध में पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया से बातचीत में विधायक गोकुल सेतिया ने बताया कि रात करीब 2 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। विधायक के अनुसार, इसके बाद दोबारा भी कॉल किए गए और लगातार अपशब्द कहे गए।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्होंने संयम बनाए रखा, लेकिन बार-बार धमकी मिलने पर उन्होंने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। मामले के बाद विधायक ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए।

कानून व्यवस्था कमजोर
विधायक ने कहा कि जब प्रदेश के जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है।

“कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि यह युवाओं की नाराजगी और मानसिक दबाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा रोजगार, भविष्य और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।

इसके साथ ही विधायक ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है और चुनाव खत्म होते ही ईंधन के दाम बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।