एस आर रघुवंशी, गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दिल्ली रवाना होने के बाद विधायक पन्नालाल शाक्य अचानक सक्रिय हो गए। उन्होंने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का समापन किया। जिसके बाद विधायक की यह सक्रियता सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। 

बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय गुना प्रवास पर थे। लेकिन स्थानीय विधायक उनके सभी कार्यक्रमों और हाई प्रोफ़ाइल बैठकों से नदारद थे। लेकिन सिंधिया केदिल्ली लौटते ही विधायक सीधे कूनो नदी के उद्गम स्थल ग्राम पांज पहुंचे और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का विधिवत समापन किया।  

नदी तट पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, सीईओ अभिषेक दुबे समेत कई अफसर और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कुएं, बावड़ी, तालाब और नदियों के संरक्षण में जुटे कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।  

विधायक की यह सक्रियता सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई, क्योंकि कुछ दिन पहले ही सिंधिया ने इसी स्थल पर पूजा कर करोड़ों की योजना का शिलान्यास किया था। सिंधिया के पूरे दौरे से दूरी बनाने के बाद अचानक उद्गम स्थल पहुंचकर समापन करने के कदम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।  

विपक्ष से लेकर संगठन तक, हर कोई विधायक के बदले रुख के मायने तलाश रहा है। कार्यक्रम में विधायक और अधिकारियों ने मिलकर जल स्रोतों को सहेजने और आने वाली पीढ़ी के लिए संरक्षित रखने का संकल्प दोहराया। फिलहाल गुना की सियासत में विधायक शाक्य का यह ‘देरी से आया एक्शन’ लोगों के बीच नई बहस छेड़ गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m