विधायक पूजा ने मानसून के दौरान होने वाले संभावित नुकसान से बचने के लिए सरकार से युद्धस्तर पर नदियों की गाद निकालने और नालों की सफाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
अनिल शर्मा, अंबाला। मुलाना विधायक पूजा ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रदेश सरकार से नदियों की खुदाई और नालों की सफाई का काम जल्द पूरा करने की पुरजोर मांग की है। विधायक ने पिछले वर्षों में बाढ़ के कारण हुए जान-माल के भारी नुकसान का हवाला देते हुए सरकार को समय रहते सतर्क होने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रशासन को अब बिना किसी देरी के नालों की सफाई और नदियों की गाद निकालने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर देना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
जलभराव और किसानों की समस्या
विधायक पूजा ने अपने विधानसभा क्षेत्र की जमीनी हकीकत बयां करते हुए कहा कि उनके इलाके में मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। हर वर्ष बरसात के मौसम में कई इलाकों में नालों की सफाई न होने और नदियों में भारी मात्रा में गाद जमा होने के कारण जल निकासी बाधित हो जाती है। इस अवरोध की वजह से गांवों और शहरों के रिहायशी इलाकों में पानी भर जाता है, जिससे न केवल आमजन बल्कि किसानों और व्यापारियों को भी भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ता है।
जमीनी स्तर पर काम करने की अपील
विधायक ने सरकार की पिछली कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ढिलाई के कारण ही पिछले सालों में किसानों की फसलें बर्बाद हुईं और जनता को कष्ट झेलना पड़ा। उन्होंने जोर दिया कि सरकार को केवल बैठकों तक सीमित न रहकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्वयं दौरा करना चाहिए। विधायक के अनुसार, यह सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है कि सफाई का काम केवल सरकारी कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई दे। उन्होंने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।

