सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने फायर ब्रिगेड से निजी कार धुलवाने के मामले में सफाई देते हुए कहा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह मामला उनके संज्ञान में आया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए फायर ब्रिगेड नहीं बुलवाई थी।

READ MORE: ऑटो ड्राइवर की हैवानियत: महिला को घर छोड़ने के बहाने हाईवे पर ले जाकर किया दुष्कर्म; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि वह भोपाल से होकर सिंगरौली आए थे और शहर में साइकिल वितरण कार्यक्रम, शांति समिति की बैठक, ओबीसी समाज के कार्यक्रम सहित कई संगठनात्मक और धार्मिक कार्यक्रमों में उन्हें शामिल होना था। उन्होंने बताया कि ओबीसी समाज के कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना थी।

विधायक ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे और महापौर रानी अग्रवाल के बंगले पर पानी की टंकियों में पानी नहीं था। नगर निगम का पंप खराब होने के कारण टंकियों में पानी भरने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान ड्राइवर ने बताया होगा और संभव है कि गाड़ी धोई गई हो।

उन्होंने स्पष्ट कहा, “मैंने गाड़ी धोने के लिए फायर ब्रिगेड नहीं बुलवाई थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी नगर निगम अध्यक्ष और महापौर के बंगले की पानी की टंकियों में पानी भरने के लिए आई थी।”

READ MORE: वर्दी में दिखी इंसानियत की तस्वीर: सड़क पर गिरी दिव्यांग युवती, DCP ने रोकी गाड़ी, घायल को उठाकर अस्पताल तक पहुंचाया

विधायक ने इस मुद्दे को उठाने वालों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “क्या विधायक अपनी गाड़ी खुद धोता है? क्या कोई विधायक, एमएलए या एमपी अपने हाथ से गाड़ी धोता है? जो लोग यह बात उठा रहे हैं, यह उस लेवल की बात नहीं है कि इसकी बहुत ज्यादा चर्चा होनी चाहिए।”

रामनिवास शाह ने दोहराया कि फायर ब्रिगेड से गाड़ी धुलवाने की बात गलत है और उन्होंने इसके लिए कोई फायर ब्रिगेड नहीं बुलवाई थी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का पंप खराब होने के कारण अध्यक्ष और महापौर के बंगले की पानी की टंकियों में पानी भरने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। विधायक ने यह भी कहा कि पंप खराब होने के चलते शहर के परिवारों को भी पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m