परवेज खान, शिवपुरी। पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो सोमवार को वायरल हुआ है। वीडियो में (आईपीएस) एसडीओपी करेरा आयुष जाखड़ को खुली चुनौती देते हुए सवाल भी कर रहे हैं कि करेरा क्या तुम्हारे डैडी का है। इतना ही नहीं, विधायक ने कहा कि मेरा बेटा दिनेश करेरा भी आएगा तथा चुनाव भी लड़ेगा। उनकी इस लाइन ने स्थानीय नेताओं को चिंतित कर दिया।
थार गाड़ी से 5 लोगों को टक्कर मार दी थी
गौरतलब है कि पिछोर विधायक के छोटे पुत्र दिनेश लोधी ने बीते 16 अप्रैल को अपनी थार गाड़ी से 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया था कि मेरा बेटा या परिवार से पहले जनता सर्वोपरी है। घटना के दो दिन बाद जब करेरा एसडीओपी के सामने दिनेश की पेशी हुई, एसा बताया जा रहा है कि आयुष जाखड़ ने दिनेश को चेतावनी दी कि अब करेरा में दिख मत जाना।
मेरा बेटा करेरा जाएगा और वहां से चुनाव भी लड़ेगा
आईपीएस की इस लाइन ने प्रीतम लोधी में पुत्र प्रेम जाग उठा और उन्होंने आईपीएस को चेतावनीभरे लहजे में कहा कि करेरा तुम्हारे डैडी का नहीं है, मेरा बेटा दिनेश करेरा जाएगा और वहां से चुनाव भी लड़ेगा। उनका तो यहां तक कहना है कि मेरे बेटे से मामूली एक्सीडेंट हो गया, तो उसे इतना हाइलाइट कर दिया गया, पुलिस अपना यह रूप दिखा रही है।

