कुंदन कुमार, पटना। ​विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नीरज कुमार को स्वास्थ्य में सुधार के बाद मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अस्पताल से बाहर निकलते ही उन्होंने राहत की सांस ली और कहा कि डॉक्टरों ने अब उन्हें पूर्णतः स्वस्थ घोषित करते हुए घर जाने की सलाह दी है। उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, लेकिन अब वे पूरी तरह ठीक हैं।

​48 घंटे की दूरी मजबूरी थी, पर कार्यकर्ता आपके बीच थे

​अस्पताल से निकलते ही नीरज कुमार ने सीधे अपने मतदाताओं और समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, पिछले 48 घंटे में मजबूरीवश आप सभी से दूर रहा, लेकिन मेरी अनुपस्थिति में भी हमारी टीम और साथी आपके बीच पूरी निष्ठा से डटे हुए थे। उन्होंने इस कठिन समय में सहयोग और समर्थन के लिए जनता व अपने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

​मतदाताओं से विशेष अपील

​स्वास्थ्य लाभ मिलते ही एमएलसी नीरज कुमार एक बार फिर चुनावी मूड में नजर आए। उन्होंने मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे पूरी तरह जागरूक और सतर्क रहें। उन्होंने समर्थकों से आग्रह किया कि आने वाले चुनाव में वे अपना ध्यान रखें और मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि क्षेत्र के विकास की गति बनी रहे।