गोहाना के सेक्टर-7 कम्युनिटी सेंटर में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई गई। विभिन्न विभागों के स्टॉल के जरिए नागरिकों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।

संजीव घनगस, सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गोहाना के सेक्टर-7 स्थित कम्युनिटी सेंटर में एक विशेष विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, हुए विकास कार्यों और विभागीय सेवाओं के बारे में विस्तार से जागरूक करना था। कार्यक्रम में पशुपालन, कृषि, मत्स्य, रोजगार, महिला एवं बाल विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। प्रदर्शनी में पहुंचे नागरिकों ने सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने सवाल अधिकारियों के सामने रखे, जिसका विभागीय प्रतिनिधियों ने संतोषजनक उत्तर देकर उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाएं

प्रदर्शनी में पशुपालन एवं डेयरी, तहसील कल्याण, वन, कृषि, मत्स्य, रोजगार, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इन स्टॉल्स के माध्यम से आमजन को स्वरोजगार, कृषि विकास, पशुपालन, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों में इन योजनाओं को लेकर विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रदर्शनी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोग अपनी पात्रता के अनुसार इनका लाभ उठा सकें।

अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग से रामफल, तहसील कल्याण से श्रीकृष्ण हुड्डा, वन विभाग से श्रीकृष्ण, रोजगार विभाग से राममेहर, मत्स्य विभाग से अमित, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर सपना और शिक्षा विभाग से पीजीटी अनीता समेत अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने जिज्ञासु नागरिकों को सरकारी सेवाओं की प्रक्रिया समझाई और उन्हें जागरूक करने का कार्य किया। यह आयोजन सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और जन-भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम रहा। आने वाले समय में भी प्रशासन द्वारा ऐसी प्रदर्शनियों के जरिए लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से निरंतर जोड़ा जाएगा ताकि विकास की गति बनी रहे।