मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर अयोध्या पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ला ने प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं, किसानों और आम जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह से जनविरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी साबित हो रही है. समाज का हर वर्ग बढ़ती महंगाई से परेशान है. चीनी, बेसन, डीजल, पेट्रोल और खाद्य सामग्री जैसी बुनियादी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम इंसान का जीना दुभर हो गया है.
इसे भी पढ़ें : भाजपा के समय में विकास नहीं, बल्कि विनाश पर… सपा सुप्रीमो का तीखा हमला, सड़कें, पुल, भवन निर्माण को लेकर दिया बड़ा बयान
दयानंद शुक्ला ने 2000 से ज्यादा के डिजिटल भुगतान (UPI) पर शुल्क लगाने के संकेतों का कड़ा विरोध करते हुए इसे ‘मोदी टैक्स’ करार दिया. उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे देश के गरीब मजदूरों, ठेला-रेहड़ी वालों और छोटे दुकानदारों पर यह एक और अतिरिक्त बोझ होगा. उन्होंने चेतावनी दी कि जनता आने वाले समय में ऐसी नीतियों का करारा जवाब देगी. प्रदर्शन से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में आम लोगों के हक की आवाज उठा रहे हैं. राहुल गांधी के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लगातार विरोध प्रदर्शन करती रहेगी
दिल्ली से अयोध्या आगमन के मुख्य उद्देश्य पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की धर्मपत्नी स्वर्गीय बीना खत्री के निधन पर शोक व्यक्त करने आए हैं. उन्होंने कहा कि वे डॉ. खत्री के परिवार से एक पारिवारिक सदस्य की तरह जुड़े हैं. उन्होंने परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और पुष्पांजलि अर्पित की.



